राजस्थान

Chittorgarh: श्रीसांवलियाजी मंदिर में भंडार गणना का शुरूआती आंकड़ा

Admindelhi1
19 Dec 2025 1:53 PM IST
Chittorgarh: श्रीसांवलियाजी मंदिर में भंडार गणना का शुरूआती आंकड़ा
x

चित्तौड़गढ़: मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में गुरुवार को भगवान का भंडार खोला गया। भंडार खुलते ही पहले ही दिन 12 करोड़ 10 लाख रुपए की राशि की गिनती हुई। राजभोग आरती के बाद जैसे ही भंडार खोलने की प्रक्रिया शुरू हुई, मंदिर परिसर भगवान सांवलियाजी के जयकारों से गूंज उठा। पहले दिन इतनी बड़ी राशि निकलने से श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह और चर्चा देखने को मिली। भंडार मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन प्रभा गौतम की मौजूदगी में खोला गया। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मंदिर मंडल सदस्य पवन तिवारी, किशनलाल अहीर, रामलाल गुर्जर और हरिराम गाडरी भी मौके पर उपस्थित रहे। सभी की निगरानी में भंडार को सावधानीपूर्वक खोला गया और गिनती का कार्य शुरू किया गया। भंडार से निकली राशि की गणना के पहले दिन ही 12 करोड़ 10 लाख रुपए गिने जाना अब तक का रिकॉर्ड माना जा रहा है। यह राशि मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को दर्शाती है। हर बार की तरह इस बार भी भंडार से बड़ी रकम निकलने से भगवान सांवलियाजी के प्रति भक्तों की गहरी श्रद्धा साफ नजर आई।

भंडार से नोटों के साथ-साथ सोने और चांदी के आभूषण भी प्राप्त हुए हैं। फिलहाल नोटों को अलग कर लिया गया है, जबकि सोना-चांदी का वजन और शेष नकद व चिल्लर की गिनती अभी बाकी है। इसके अलावा मंदिर कार्यालय और भेंट कक्ष में जमा नगद, मनीऑर्डर तथा सोना-चांदी का पूरा विवरण आना शेष है।

इस बार भंडार की गणना मंदिर चौक के बजाय सत्संग हॉल में की जा रही है, जहां अधिक जगह होने से कार्य व्यवस्थित रूप से हो रहा है। इसी कारण अमावस्या के दिन भी भंडार की गणना जारी रहेगी। गणना कार्य में प्रशासनिक अधिकारी शंकर पारीक, लेखाकार राजेंद्र सिंह, सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हैं। सभी की निगरानी में पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न की जा रही है।

Next Story