राजस्थान

Chittorgarh: राज्यपाल कटारिया और विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का चित्तौड़गढ़ दौरा

Admindelhi1
22 May 2026 2:56 PM IST
Chittorgarh: राज्यपाल कटारिया और विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का चित्तौड़गढ़ दौरा
x

चित्तौड़गढ़: चित्तौड़गढ़ अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड अपना रजत जयंती महोत्सव मना रहा है। इसे लेकर तैयारियां की जा रही है। 23 मई को इंदिरा प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में होने वाले समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया तथा राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भाग लेंगे।

अरबन कॉपरेटिव बैंक चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष डॉ. आईएम सेठिया ने बताया कि बैंक अपने 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह गौरव समारोह आयोजित कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों, उद्यमियों एवं आमजन को बैंकिंग सुविधाएं प्रदान करने के साथ आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि इस विशेष समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया मुख्य अतिथि होंगे, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी समारोह मे शामिल होंगे। समारोह के दौरान बैंक की विकास यात्रा, उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा। वार्ता के दौरान बैंक की प्रबंध निदेशक (एमडी) वंदना वजीरानी सहित बैंक के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैंक पदाधिकारियों ने बताया कि रजत जयंती समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और कार्यक्रम को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस अवसर पर बैंक परिवार की और से सभी ग्राहकों, सहयोगियों एवं आमजन से समारोह में शामिल होने की अपील भी की गई।

इधर, जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि राज्यपाल कटारिया 23 मई को अपरान्ह 2.30 बजे उदयपुर से प्रस्थान कर अपरान्ह 4.30 बजे चित्तौड़गढ़ पहुंचेंगे। यहां वे इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम में आयोजित चित्तौड़गढ़ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के रजत जयंती वर्ष समापन एवं गौरव समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम के पश्चात माननीय राज्यपाल रात्रि 9.30 बजे उदयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला कलक्टर ने यात्रा कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं।

Next Story