राजस्थान

Chittorgarh: डेयरी की सफाई व्यवस्था उजागर, लापरवाही से बढ़ी चिंता

Admindelhi1
21 March 2026 2:12 AM IST
Chittorgarh: डेयरी की सफाई व्यवस्था उजागर, लापरवाही से बढ़ी चिंता
x

चित्तौड़गढ़: ताजगी और शुद्धता के बड़े-बड़े दावे करने वाली बोजुन्दा स्थित चित्तौड़गढ़ डेयरी प्लांट की हकीकत कुछ उलट ही नजर आ रही है। डेयरी परिसर में फैली सड़ांध, गंदगी और अव्यवस्था ने यह साफ कर दिया है कि जिम्मेदारों को न स्वच्छता की परवाह है और न ही कर्मचारियों व आमजन के स्वास्थ्य से कोई सरोकार। डेयरी प्लांट से निकल रही बदबू के कारण मुख्य मार्ग से निकलने वाले लोगों के अलावा डेयरी का स्टाफ खुद भी परेशान हैं। डेयरी के अधिकारी एफटीपी प्लांट होने के बाद भी बदबू से निजात नहीं दिलवा पा रहे।

जानकारी के अनुसार डेयरी से निकलने वाले वेस्ट के कारण यहां हालात इतने बदतर हैं कि यहां काम करने वाले कर्मचारी खुद बदबू से त्रस्त हैं, जबकि उन्हें आठ से दस घंटे प्लांट में रहना पड़ता है। डेयरी परिसर में हालात ऐसे है कि प्लांट, कार्यालय, मार्केटिंग कार्यालय तक में खड़ा होना तो दूर, सांस लेना तक दूभर हो गया है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि डेयरी में ईटीपी (इफ़ेलुएन्ट ट्रीटमेंट प्लांट) प्लांट है और यहीं से बदबू निकल रही है। प्लांट के पीछे गड्ढा खोद कर स्लज मटेरियल खुले में डाल दिया गया है, जिससे लगातार बदबू उठ रही है। यही नहीं, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट भी खुले में फेंका जा रहा है, जो सीधे तौर पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है। डेयरी से निकलने वाले गंदे पानी को एक टैंक में जमा किया जाता है, लेकिन वह टैंक भी खुला छोड़ दिया गया है। नतीजा पूरे परिसर में असहनीय दुर्गंध फैल चुकी है। हाल ही में टैंक खाली करने के बाद वेस्ट मटेरियल को भी खुले में ही पटक दिया गया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

इस लापरवाही का असर सिर्फ डेयरी परिसर तक सीमित नहीं है। निकट स्थित मेडिकल कॉलेज के अधिकारी, डॉक्टर और वहां से गुजरने वाले लोग भी इस बदबू से परेशान हो चुके हैं। यह साफ संकेत है कि यह मामला अब केवल एक संस्थान की अव्यवस्था नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर खतरा बन चुका है। अगर जल्द ही इस स्थिति पर काबू नहीं पाया गया, तो यह लापरवाही किसी बड़े स्वास्थ्य संकट को जन्म दे सकती है।

इस संबंध में बातचीत करने पर नवनियुक्‍त एमडी चित्तौड़गढ़ डेयरी अशोकसिंह भाटी का कहना है कि उन्‍होंन आज ही चित्तौड़गढ़ डेयरी का कार्यभार संभाला है। एफटीपी से जुड़ा मामला है। शीघ्र ही इसे दिखवाया जाएगा।

Next Story