राजस्थान

मुख्य सचिव उषा शर्मा ने राजीव गांधी सेवा केंद्र का किया निरीक्षण

Admin Delhi 1
2 Oct 2022 8:31 AM GMT
मुख्य सचिव उषा शर्मा ने राजीव गांधी सेवा केंद्र का किया निरीक्षण
x

बानसूर न्यूज़: मुख्य सचिव उषा शर्मा बानसूर पहुंची। मुख्य सचिव ने बानसूर में महत्वपूर्ण सरकारी कार्य योजनाओं सहित बानसूर एसडीएम कार्यालय, इंदिरा रसोई व बानसूर उप जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। मुख्य सचिव के दौरे के दौरान पुलिस प्रशाशन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में जगह जगह पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। मुख्य सचिव सर्वप्रथम बानसूर के ग्राम पंचायत लौयती के राजीव गांधी सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने पालनहार योजना के तहत रीना देवी को 72 हजार रुपए और तारा देवी को 37 हजार रुपए का चेक सौंपा। उसके बाद मुख्य सचिव कस्बा स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंची। मुख्य सचिव के एसडीएम कार्यालय पहुंचने पर स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं ने मुख्य सचिव का रंगोली बनाकर व फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान 1 अक्टूबर वृद्धजन दिवस होने के कारण मुख्य सचिव ने बानसूर नगरपालिका के वृद्धजन सोन देवी 104 वर्ष, कमला देवी 104 वर्ष बुराला की ढाणी बानसूर व 102 वर्षीय माधाराम, को वृद्धजन सम्मान प्रषस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला कलेक्टर जितेन्द्र सोनी ने 104 वर्ष की वृद्धा कमला देवी से पूछा कि आपको सुनाई देता है तो वृद्धा ने मना किया। इस पर जिला कलेक्टर ने 104 वर्षीय कमला देवी को मौके पर ही सुनने की मशीन (श्रवण यंत्र) लगवाई। मशीन मिलने के बाद वृद्धा ने बताया की वो आजादी के बाद से ही अपने मत का प्रयोग कर सरकार बनाने में सहयोग कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव शर्मा ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत बनारसी देवी को 51 हजार रुपए का व सुनीता देवी को 41 हजार रुपए का चेक सौंपा। मुख्य सचिव ने बानसूर नगर पालिका में इंदिरा रसोई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इंदिरा रसोई योजना में भोजन कर रहे लोगों से भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। जहां मौजूद लोगों ने मुख्य सचिव को भोजन व व्यवस्थाओं की सराहना की। इस पर मुख्य सचिव द्वारा नगर पालिका चेयरमैन व ईओ सुमेर मीणा सहित इंदिरा रसोई योजना में कार्य कर रहे सभी लोगों की पौष्टिक भोजन व उच्च गुणवत्ता का भोजन देने पर सराहना की। निरीक्षण के दौरान सचिव शर्मा बानसूर के उप जिला अस्पताल का दौरा किया। मुख्य सचिव ने ब्लॉक बीसीएमएचओ डॉ मनोज यादव, चिकित्साधिकारी भूरा सिंह बैंसला से चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। वहीं मौके पर ही आये मरीजों से सरकारी योजनाओं व चिरंजीवी योजना के बारे में जानकारी ली व उन्हें चिरंजीवी योजना के फायदे भी बताए। मुख्य सचिव ने अस्पताल में मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा केन्द्र, आईसीयू वार्ड व जनरल वार्ड सहित तमाम मेडिकल सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान जिला कलक्टर जितेन्द्र सोनी, एसडीएम राहुल सैनी, तहसीलदार राजेन्द्र मोहन, डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा, नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी सुमेर मीणा, बीसीएमओ डॉ. मनोज यादव सहित सभी जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story