राजस्थान

मुख्यमंत्री का कोटपूतली दौरा- मुख्यमंत्री की कोटपूतली की जनता को सौगात

mukeshwari
9 Jun 2023 4:05 PM GMT
मुख्यमंत्री का कोटपूतली दौरा- मुख्यमंत्री की कोटपूतली की जनता को सौगात
x

जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं को ध्यान में रखकर प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश को 2030 तक अग्रणी राज्य बनाने की सोच के साथ काम किया जा रहा है। राज्य में जनता का पैसा जनता पर खर्च कर लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को कोटपूतली में महंगाई राहत कैम्प एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर का अवलोकन करने के बाद विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास-लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 5 वर्ष में प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जनता से जो वादे किये गए थे उन्हें पूरी शिद्दत के साथ निभाया जा रहा है। गहलोत ने कहा कि विगत 5 बजट में राज्य की जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया बल्कि बेहतरीन वित्तीय प्रबंधन कर राज्य में विकास कार्यों को गति दी गई। राजस्थान 11.04 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर के साथ देश में आंध्र प्रदेश के बाद दूसरे स्थान पर है। इस दौरान उन्होंने 460.66 करोड़ रुपए लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 430.82 करोड़ लागत के कुल 56 शिलान्यास एवं 29.84 करोड़ लागत के 31 कार्यों के लोकार्पण शामिल हैं।

अब नहीं महंगाई की मार

गहलोत ने कहा कि प्रदेशवासियों को महंगाई से राहत देने के लिए प्रदेशभर में महंगाई राहत कैम्प आयोजित कर आमजन को 10 योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा हैं। इन कैम्पों में अब तक लगभग 1.50 करोड़ परिवारों का पंजीयन कर 6.50 करोड़ से अधिक मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। हाल ही में इंदिरा गांधी गैस सिलेण्डर सब्सिडी योजना के अंतर्गत 14 लाख उपभोक्ताओं के खातों में 60 करोड़ की राशि हस्तांतरित की गई है। जल्द ही लम्पी रोग से मृत गायों की मुआवजा राशि भी लाभार्थियों के खातों में डीबीटी की जाएगी। मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना के अंतर्गत दो दुधारू पशुओं के 40 हजार रुपए प्रति पशु बीमा का प्रावधान किया गया है। बीमा का प्रीमियम राज्य सरकार वहन कर रही है। राज्य में 100 यूनिट तक बिजली निःशुल्क करने से अधिकांश उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो गया है। किसानों को भी 2000 यूनिट बिजली प्रतिमाह निःशुल्क दी जा रही है।

जो वादे किये, वो निभा रहे

गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की जनता से किए गए वादों को तत्परता से निभा रही है। प्रदेश में 1.50 लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं जबकि इतनी ही प्रक्रियाधीन हैं। जल्दी ही प्रदेश की महिलाओं को 3 साल की इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ निःशुल्क स्मार्टफोन देने का वादा पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा शुरू की गई योजनाएं तात्कालिक नहीं हैं, बल्कि ये निरंतर जारी रहेंगी। आगामी समय में इन योजनाओं को और मजबूत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में और भी अच्छी योजनाएं लेकर आएगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सिरमौर राजस्थान

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान अग्रणी है। राज्य में अधिकांश प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाएं होने से अब विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं है। विगत 5 सालों में राज्य में लगभग 300 कॉलेज खोले गए हैं। प्रदेश में अब करीब 95 विश्वविद्यालय हो चुके हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं में भी राजस्थान सिरमौर है। 25 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा राजस्थान के अलावा देश में कहीं भी नहीं है। प्रदेश की जनता को कानून बनाकर स्वास्थ्य का अधिकार दिया गया है।

जिला बनने से होगा चहुंमुखी विकास

गहलोत ने कहा कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कोटपूतली-बहरोड़ को नया जिला बनाया गया है। दशकों पुरानी यह मांग पूरी होने से लोगों में उत्साह है। नया जिला बनने से विकास कार्य तेजी से होंगे तथा जिले का चहुंमुखी विकास होगा। उन्होंने कहा कि इस जिले की दिल्ली एवं जयपुर से नजदीकी होने के कारण सुविधाएं ज्यादा तेजी से विकसित होंगी।

प्रतिमाओं का किया अनावरण

अपने कोटपूतली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री गहलोत ने पाना देवी मोरीजावाला राजकीय कन्या महाविद्यालय में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्री बाई फुले की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

समारोह में कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया, गृह राज्य मंत्री राजेन्द्र यादव, पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, राज्य युवा बोर्ड के अध्यक्ष सीताराम लाम्बा, विधायक गोपाल मीना, इन्द्राज गुर्जर एवं संदीप यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story