राजस्थान
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों को घर पहुंच कर किया सम्मानित
Shantanu Roy
15 Aug 2022 12:01 PM GMT

x
बड़ी खबर
जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंचे तथा उन्हें सूत की माला पहनाकर, शाॅल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। गहलोत सबसे पहले मानसरोवर के दादूदयाल नगर स्थित स्वतंत्रता सेनानी रामू सैनी के घर पहुंचे तथा श्रीफल भेंट कर तथा माला व शाॅल पहनाकर उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने सैनी के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के आगे दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने निवारू रोड़ पर गणेश नगर स्थित स्वतंत्रता सेनानी उमराव सिंह के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उन्हें माला व शाॅल पहनाकर तथा श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। गहलोत ने उनके आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। गहलोत ने सी-स्कीम स्थित स्वतंत्रता सेनानी सुभद्र कुमार पाटनी के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की तथा शाॅल ओढ़ाकर, माला पहनाकर एवं श्रीफल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तथा पाटनी के आवास पर भी ध्वजारोहण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में इन स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इन्होंने अपनी नौजवानी में स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया और आजादी की लड़ाई लड़ी। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनकी बदौलत ही हम आज आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले जो स्वतंत्रता सेनानी आज भी जीवित है, हम उनके घर पहुंचकर उनका सम्मान करें। मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पर मुख्यमंत्री का तिरंगे झंडें फहराकर तथा मालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री ने लोगों से मिलकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर पूर्व शिक्षामंत्री गोविन्दसिंह डोटासरा व जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
Next Story