राजस्थान

CET परीक्षा 1 दिसंबर से, एक घंटे पहले बंद होंगे परीक्षा केंद्र के गेट

Admindelhi1
20 Nov 2026 11:26 AM IST
CET परीक्षा 1 दिसंबर से, एक घंटे पहले बंद होंगे परीक्षा केंद्र के गेट
x
राजस्थान CET 2026: 26 नवंबर से मिलेंगे एडमिट कार्ड, जानें जरूरी नियम

जयपुर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) सीनियर सेकेंडरी स्तर-2026 का संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा 1 से 3 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश, पहचान पत्र, ड्रेस कोड, ओएमआर शीट और नकल रोकने से जुड़े नियमों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन नियमों का पालन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से वंचित होना पड़ सकता है।

बोर्ड के अनुसार, परीक्षा तीन दिनों तक प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित होगी। पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी।

अभ्यर्थी 21 नवंबर से अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से परीक्षा केंद्र के लिए आवंटित जिले की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, 26 नवंबर से अस्थायी ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे।

बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रवेश से पहले दस्तावेजों की जांच और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

परीक्षा केंद्र पर पहचान के लिए मूल फोटोयुक्त आधार कार्ड अनिवार्य होगा। आधार कार्ड में जन्मतिथि दर्ज होना भी जरूरी है। विशेष परिस्थितियों में पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या मतदाता पहचान पत्र के माध्यम से पहचान का मिलान किया जा सकेगा।

अभ्यर्थियों को 2.5 गुणा 2.5 सेंटीमीटर आकार की नवीनतम रंगीन फोटो भी साथ लानी होगी। फोटो एक महीने से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा नीली स्याही वाला पारदर्शी बॉल पेन रखना अनिवार्य होगा।

परीक्षा में ड्रेस कोड को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को जींस पहनकर परीक्षा केंद्र आने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा मोबाइल फोन और घड़ी जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं भी परीक्षा केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे।

नकल और अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए बोर्ड ने कड़े प्रावधानों की जानकारी दी है। निर्देशों के अनुसार, नकल के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के साथ 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान बताया गया है।

इस बार परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को प्रश्न-पत्र बुकलेट अपने साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, वे ओएमआर शीट की कार्बन प्रति साथ ले जा सकेंगे। इसके लिए प्रश्न-पत्र की श्रृंखला और प्रतीक संख्या याद रखना आवश्यक होगा।

अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट के गोले उचित दबाव से भरने होंगे, ताकि कार्बन प्रति पर निशान स्पष्ट दिखाई दें। कार्बन प्रति को परीक्षा परिणाम जारी होने तक सुरक्षित रखना होगा। बोर्ड द्वारा मांगे जाने पर इसे प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

बोर्ड अंतिम परीक्षा समाप्त होने के 24 घंटे के भीतर सभी पारियों के प्रश्न-पत्र अपनी वेबसाइट पर अपलोड करेगा।

दिव्यांग और विशेष योग्यजन अभ्यर्थियों के लिए श्रुतलेखक की सुविधा संबंधी निर्देश भी जारी किए गए हैं। स्वयं का श्रुतलेखक लाने वाले अभ्यर्थियों को आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्र, वचन पत्र और दिव्यांगता का चिकित्सा प्रमाण पत्र परीक्षा केंद्र पर कम से कम एक दिन पहले जमा करना होगा।

वहीं, बोर्ड की ओर से श्रुतलेखक की सुविधा लेने के लिए केंद्राधीक्षक को परीक्षा से दो दिन पहले आवेदन करना होगा।

परीक्षा के बाद बोर्ड मास्टर प्रश्न-पत्र और उत्तर कुंजी वेबसाइट पर जारी करेगा। अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 72 घंटे का समय मिलेगा। प्रत्येक आपत्ति के लिए 100 रुपये शुल्क देना होगा।

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है, ताकि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश और परीक्षा देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Next Story