राजस्थान

272 भूखंडों के घालमेल का मामला

Admin Delhi 1
28 Sept 2023 11:24 AM IST
272 भूखंडों के घालमेल का मामला
x
दो भूखंडों पर रातों-रात बना दी दीवार

उदयपुर: यूआईटी से नगर निगम में हस्तांतरित की गई कॉलोनी में 272 भूखंडों के गड़बड़झाले का मामला अभी एसओजी की जांच प्रक्रिया में उलझा है कि इसी कॉलोनी में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। नगर निगम की प्रतापनगर स्थित यूआईटी कॉलोनी के दो भूखंडों 182-183 पर रातोंरात चारदीवारी बनाकर अवैध निर्माण कर दिया गया। इनमें से एक प्लॉट कॉर्नर का है। इनके चारों ओर 3-3 फीट ऊंची दीवार भी बना दी गई। क्षेत्र (वार्ड नंबर 44) के भाजपा पार्षद संजय भक्तानी ने इस अवैध निर्माण के बारे में नगर निगम के मेयर जीएस टांक, डिप्टी मेयर पारस सिंघवी, राजस्व समिति अध्यक्ष अरविंद जारौली, रेवन्यू इंस्पेक्टर विजय जैन को सूचना दी।

उन्हें ये भी बताया गया कि इस भूखंड पर नगर निगम की संपत्ति वाला बोर्ड भी लगा हुआ था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। भूखंडों कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। अब भाजपा के बोर्ड वाले निगम में उनके पार्षद भक्तानी ही अपनों पर और अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगा रहे हैं। इस संबंध में निगम आयुक्त मयंक मनीष का कहना है कि वे अभी बाहर हैं। जानकारी जुटाकर कार्रवाई करेंगे। मेयर जीएस टांक और रेवेन्यू इंस्पेक्टर विजय जैन से संपर्क नहीं हो पाया।

Next Story