राजस्थान

सांड से टकराकर कार के उड़े परखच्चे, 4 लोग हुए घायल

Admin Delhi 1
3 Aug 2022 12:44 PM GMT
सांड से टकराकर कार के उड़े परखच्चे, 4 लोग हुए घायल
x

सिटी एक्सीडेंट न्यूज़: चौमूं थाना इलाके के हाड़ौता चौराहे के पास बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सांड के अचानक हाईवे पर आ जाने से पूरा हादसा हुआ। तेज रफ्तार से आ रही एक कार सांड से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के पहिए उड़ गए और सांड की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को किनारे की ओर निकाला गया और यातायात सुगम हुआ।

हेड कांस्टेबल रोहिताश ने बताया कि कार सवार जयपुर के हसनपुरा के रहने वाले हैं और खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी बीच हाड़ौता चौराहा के पास हाईवे पर अचानक एक आवारा सांड आ गया। इसी दौरान चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार पलट कर डिवाइडर पर जा गिरी। हादसे में जयपुर के हसनपुरा निवासी पुरुषोत्तम नेहरा समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को चौमू के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उनकी हालत गंभीर देखकर घायलों को जयपुर रेफर कर दिया।

बरसात के दिनों में हाईवे के डिवाइडर पर लगे पौधों के बीच आवारा मवेशी रहते हैं। पौधे न काटने के कारण जानवर भी नहीं दिखते हैं। कई बार अचानक आवारा जानवर बीच सड़क पर आ जाते हैं। जिससे हाईवे पर कई हादसे हो जाते हैं। वहीं टोल प्रशासन की लापरवाही के कारण हाईवे डिवाइडर के बीच पेड़-पौधों की समय पर कटाई नहीं हो पा रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

Next Story