राजस्थान

Bundi: घर के बाहर से नाबालिग को अगवा कर जंगल ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म

Admindelhi1
28 March 2025 1:05 PM IST
Bundi: घर के बाहर से नाबालिग को अगवा कर जंगल ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म
x
"पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की"

बूंदी: जिले के रायथल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपियों ने नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया, उसे जंगल में ले गए, रात भर बंधक बनाकर रखा और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा ने बताया कि सगीरा ने अपने परिवार के साथ थाने में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में उसने बताया कि मंगलवार रात को जब वह अपने घर के बाहर खड़ी थी, तभी आरोपी राकेश मीना, लवकुश मीना और महावीर वहां आए और उसका अपहरण कर जंगल में ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। सुबह वे उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। किसी तरह वह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन नाबालिग को रायथल थाने लेकर आए।

थाना प्रभारी राजाराम मीना ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

एएसपी उमा शर्मा ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए रायथल थाना अधिकारी के नेतृत्व में टीमें विभिन्न स्थानों पर आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। केशवरायपाटन के पुलिस उपाधीक्षक आशीष भार्गव मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story