राजस्थान

Bundi: शहर में विकास कार्यों का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण

Tara Tandi
9 July 2025 5:56 PM IST
Bundi: शहर में विकास कार्यों का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण
x
Bundi बूंदी । जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने बुधवार को बूंदी शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गति लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्‍टर ने निरीक्षण की शुरुआत खेल संकुल से की, जहां उन्होंने आगामी 11 जुलाई को आयोजित होने वाले जिला वन महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में व्यापक साफ-सफाई करवाने और पौधारोपण के लिए निर्धारित संख्या के अनुसार गड्ढे खुदवाने के निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सकें। इसके पश्चात, जिला कलक्‍टर ने नगर परिषद द्वारा करवाए जा रहे नाला सफाई कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने नालों के किनारे जमा मिट्टी और गाद को तत्काल हटाने के निर्देश दिए ताकि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हों। उन्होंने नवल सागर झील के किनारे चल रहे पर्यटन विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने वहां निर्माणाधीन फाउंटेन के शेष कार्यों को शीघ्रता से पूरा करवाने के निर्देश दिए ताकि पर्यटकों को इसका लाभ मिल सकें।
जिला कलक्टर ने जिला चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के नवीन ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के लिए पर्याप्त संख्या में श्रमिक लगाने पर जोर दिया। साथ ही, मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए खुले क्षेत्र में बेंच लगाने और एक उद्यान विकसित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि डे-केयर सेंटर के रिनोवेशन का कार्य आगामी 15 दिवस में पूर्ण किया जावें। निरीक्षण के बाद जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों की बैठक भी ली।
निरीक्षण के दौरान उपवन संरक्षक बूंदी देवेंद्र सिंह भाटी, कार्यवाहक नगर परिषद आयुक्त धर्मेन्‍द्र मीणा, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी एल.एन.मीणा, आरयूआईडीपी की अधिशाषी अभियंता सोनम शर्मा, आरएसआरडीसी के सहायक अभियंता सुरेंद्र गुर्जर सहित अन्‍य संबंधित अधिकारी मौजूद रहें।
Next Story