राजस्थान

Bundi: जिला कलेक्टर ने आमजन से योग कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की

Tara Tandi
20 Jun 2025 6:43 PM IST
Bundi: जिला कलेक्टर ने आमजन से योग कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की
x
Bundi बूंदी । ''एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य लिए योग" थीम पर जिलेभर में 11वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस शनिवार 21 जून को योगाभ्यास कर मनाया जायेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम लंका गेट स्थित पुरानी धानमंडी परिसर में प्रातः 6 बजे से आयोजित किया जाएगा। जिसमें विशेषज्ञ प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करायेंगे। कार्यक्रम में ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बूंदी जिला प्रभारी मंत्री श्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के द्वारा आयोजित योगाभ्यास में लंका गेट स्थित पुरानी धानमंडी में आमजन भी भाग ले सकेंगे। जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने आदेश जारी कर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त कर दायित्व सौंपे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे जिले में आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रमों में अधिकाधिक जुड़कर लाभ उठायें। ब्लॉक एवं पंचायत स्तर के कार्मिक अपने क्षेत्रीय योग कार्यक्रम स्थल में भाग लेंगे।
आयुर्वेद विभाग उप निदेशक एवं नोडल अधिकारी डॉ.मालती पारीक ने बताया कि सामान्य योगाभ्यास कार्यक्रम 45 मिनट का रहेगा। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। उन्होंने बताया कि बूंदी जिले में सभी 184 ग्राम पंचायत मुख्यालयों, 5 ब्लाॅक मुख्यालयों एवं जिला मुख्यालय पर एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग थीम के साथ पूरे उत्साह के साथ योग दिवस मनाया जायेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम लंका गेट स्थित पुरानी धानमंडी परिसर में प्रातः 6 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसमें सर्वप्रथम मुख्य अतिथि द्वारा महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत होगी, फिर अतिथियों का सम्मान, "योग एट हेरिटेज बूंदी फोर निरोगी बूंदी" नामक योग विषयक पुस्तिका का विमोचन, एडवांस्ड योग प्रदर्शन एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का 6:30 बजे से विशाखापट्टनम से लाइव प्रसारण होगा। उसके पश्चात 7 बजे से योग प्रोटोकॉल का सामूहिक योगाभ्यास कराया जायेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम के समन्वयक एवं जिला आयुर्वेद चिकित्सालय के पीएमओ डॉ सुनील कुशवाह ने बताया कि 11 योग प्रशिक्षकों द्वारा 45 मिनट के योगाभ्यास में प्रार्थना, चालन क्रियाएं, खड़े होकर, बैठकर, पेट के बल एवं पीठ के बल लेटकर योग क्रियाएं, प्राणायाम, ध्यान, शान्ति पाठ कराया जायेगा। इसके पश्चात संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
Next Story