राजस्थान

विधानसभा सत्र में इन मुद्दों से सरकार को घेरेगी भाजपा

Shreya
17 July 2023 12:06 PM GMT
विधानसभा सत्र में इन मुद्दों से सरकार को घेरेगी भाजपा
x

राजस्थान: राजस्थान में बीजेपी ने आगामी चुनाव को लेकर तैयारी तेज कर दी है। यही वजह है कि पार्टी ने 7 मुद्दे तय किए जिसे विधानसभा में उठाकर गहलोत सरकार को घेरने का प्लान बनाया। पार्टी विधायक दल ने इन मुद्दों को फाइनल किया। जानिए पूरा मामला क्या है। जयपुर: शुक्रवार यानी 14 जुलाई से शुरू हुए विधानसभा सत्र में विपक्ष की ओर से सत्ता पक्ष को घेरने की पूरी प्लानिंग की गई है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में यह तय किया गया कि सदन में रोजाना एक-एक मुद्दे पर सरकार को घेरा जाएगा। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराध, महिलाओं और दलितों के साथ हो रहे अत्याचार, पेपर लीक की घटनाओं सहित कई मुद्दे तय किए गए हैं। इन्ही को लेकर बीजेपी प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। जानिए क्या है मामला।

1. कानून व्यवस्था :- नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में दहशतगर्दी का माहौल है। अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। गैंगस्टर्स के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस कस्टडी में भी व्यक्ति को गोलियों से भून डालते हैं। 2. कर्ज माफी :- नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने किसानों की कर्ज माफी का झूठा वादा किया था। प्रदेश के 19,000 किसान ऐसे हैं जिनकी जमीनें कुर्क किए जाने की बात सामने आई है। साथ ही राष्ट्रीयकृत बैंकों के करीब 6000 किसानों का कर्जा 12 हजार करोड़ रुपये से पार हो गया है।

3. भ्रष्टाचार :- पिछले दिनों सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के बेसमेंट में रखी अलमारी में करोड़ों रुपए की नकदी और 1 किलो सोना मिलने के बाद से बीजेपी ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने सरकार के खिलाफ हजारों करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है।

4. बेरोजगारी और पेपर लीक :- राजस्थान में प्रतियोगिता परीक्षाओं में पेपर लीक की कई घटनाएं हो चुकी है। यह प्रदेश के लाखों बेरोजगारों के साथ बड़ा धोखा है। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष सरकार पर हमला बोलेगा।

5. बिजली की दरें :- सरकार ने भले ही 100 यूनिट बिजली मुफ्त देने की योजना लागू की हो लेकिन भाजपा का आरोप है कि लोगों को बिजली बिलों में राहत नहीं मिली है। अधिकतर उपभोक्ताओं के बिल बहुत ज्यादा बढ़े हुए आ रहे हैं। जिन घरों में बिजली बिल पहले 400 रुपये के आ रहे थे। उन्हीं घरों में अब 3000 रुपये के बिल आ रहे हैं।

6. प्रशासनिक लापरवाही :- पिछले दिनों प्रदेश में आए चक्रवाती तूफान बिपरजोय और हाल ही में आए मानसून के दौरान प्रदेश में कई हादसे हुए। प्रशासनिक लापरवाही के कारण हुए इन हादसों में एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

7. बिपरजॉय मुआवजा :- कुछ दिनों पहले परदेश बिपरजोय तूफान ने कई जिलों में तबाही मचाई थी। हजारों मकान ढह गए और कई परिवार बर्बाद हो गए। बीजेपी का आरोप है कि सरकार ने अभी तक पीड़ित परिवारों को राहत नहीं दी है।

Next Story