राजस्थान

भाजपा का कांग्रेस सरकार के खिलाफ जिलों में होगा हल्ला बोल

Admin Delhi 1
5 March 2023 10:03 AM GMT
भाजपा का कांग्रेस सरकार के खिलाफ जिलों में होगा हल्ला बोल
x

जयपुर: प्रदेश में पेपर लीक, लंबित भर्तियां, बिगडी कानून व्यवस्था, किसान कर्जमाफी, महिला सुरक्षा सहित जनहित के मुददों को युवा मोर्चा के विरोध प्रदर्शन के साथ ही भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ आगे भी आंदोलन का एलान कर दिया है। पार्टी मुख्यालय पर सैकड़ों युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि 15 से लेकर 30 मार्च और आगे जो भी जरूरत पड़ेगी, उसी तरीके से भाजपा कांग्रेस सरकार के खिलाफ सभी जिलों में कलेक्ट्रेट पर घेराव कर प्रदर्शन करेगी। जब तक कांग्रेस सरकार को 2023 में उखाड़ नहीं फेकेंगे तब तक भाजपा चैन से नहीं बैठेगी। 2024 में लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों और पूरे देश में एक बड़ी ऐतिहासिक जीत के साथ तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे।

मुख्यधारा से दूर दिखे नेता

प्रदर्शन के दौरान पार्टी के कई नेता मुख्यधारा से दूर नजर आए। दो विधायक तो एमजीएफ मॉल के पास कैफे में कॉफी का आनंद ले रहे थे, जबकि दूसरी ओर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें छोड़ी जा रही थी। नेताओं से दूरी का कारण जानना चाहा तो बोले इधर रहना ही ठीक है। वहीं कुछ नेता पेड़ की छाया में अपने समर्थकों के साथ बैठे नजर आए।

कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोका

सीएमआर का घेराव से पहले पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कुशासन में दमनकारी नीतियां, 19 बार पेपर लीक, सम्पूर्ण किसान कर्जमाफी के नाम पर किसानों से वादाखिलाफी, महिलाओं पर बढ़ते अपराध, बिगड़ी कानून व्यवस्था, पिछले साढ़े चार साल से प्रदेश में ऐसे हालात बने हुए हैं। मुझे जानकारी मिली कि कांग्रेस की गहलोत सरकार ने जिलों से आने वाले कार्यकर्ताओं को जयपुर के बाहरी क्षेत्रों में रोक दिया है, इसके बावजूद भी कार्यकर्ता संघर्ष करके विशाल धरना प्रदर्शन में शामिल हुए हैं, गहलोत सरकार हमारे कार्यकर्ताओं के साधन रोक सकती है, लेकिन मजबूत इरादे नहीं रोक सकती है।

तीन चौथाई बहुमत से सरकार बनेगी: अरुण सिंह

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान में हम मजबूती से आगे बढ़ रहे है और पन्ना और बूथों पर पूरी तरह मजबूत है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा की तीन चौथाई बहुमत की राजस्थान में सरकार बनेगी। ऐसी अराजक सरकार कहीं नहीं देखी, जिस तरह कांग्रेस के शासन में पेपर लीक हो रहे हैं, प्रदेश में कहीं भी बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, किसानों और युवाओं से वादाखिलाफी हो रही है, कांग्रेस सरकार में बढ़ते झगड़े के कारण प्रदेश का विकास पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।

युवाओं और किसानों के साथ धोखा: राठौड़

उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि यह बजट युवाओं को समर्पित है, जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस सरकार के शासन में नौकरियों की लूट हो रही है, पेपर लीक हो रहे हैं और जिस डीपी जारोली को बर्खास्त किया जाता है उसे फिर सरकार में नियुक्ति दे दी जाती है, युवाओं और किसानों के साथ कांग्रेस शासन में धोखा- छलावा हो रहा है। किसान कर्जमाफी के नाम पर वादाखिलाफी के कारण हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में तमाम किसान सुसाइड कर चुके हैं, जमीनें नीलाम हो रही हैं और बार-बार पेपर लीक से प्रदेश का युवा अवसाद में है, जो 2023 में कांग्रेस सरकार को पलट कर रहेगा।

Next Story