राजस्थान

राजस्थान में प्रचंड बहुमत से आएगी BJP

Shreya
30 Jun 2023 9:06 AM GMT
राजस्थान में प्रचंड बहुमत से आएगी BJP
x

उदयपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को मेवाड़ से राजस्थान विधानसभा का चुनावी शंखनाद किया। एक दिवसीय दौरे पर उदयपुर पहुंचे अमित शाह ने राजस्थान में इस साल भाजपा की सरकार और साल 2024 में नरेंद्र मोदी को तीसरी बाद प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दिया। इस दौरान शाह ने राजस्थान में बढ़ रहे अपराध और भ्रष्टचार को लेकर भी गहलोत सरकार पर निशाना साधा। साथ ही मोदी सरकार की जमकर तारीफ की।

मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर अमित शाह ने उदयपुर के गांधी ग्राउंड में जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय किसानों के खेत में काम करने का है, फिर भी किसान और लोग इस जनसभा में बड़ी संख्या में पहुंचे। इससे पता चल रहा है कि 2023-2024 में बीजेपी को पूर्ण बहुमत है। साल 2023 में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनानी है और 2024 में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

अमित शाह ने महाराणा प्रताप को नमन करते हुए कहा कि राजस्थान त्याग, तपस्या और बलिदान की भूमि है। मोदी जी के शासन के 9 साल कई मायनों में परिवर्तनकारी रहे हैं। मोदी सरकार ने देश के लिए 9 साल में एतिहासिक काम किया है। मेवाड़ की धरा भाजपा का गढ़ है। मोदी सरकार ने हमेशा आदिवासियों को पूरा सम्मान दिया है। मोदी ने संसद की भूमि को प्रणाम कर आदिवासी और गरीब कल्याण की शपथ ली थी। मोदी जी ने 9 साल में भारत की कीर्ति को पूरे विश्व में फैलाया है। आज जो विश्व में भारत का जो सम्मान हो रहा है, वह मोदी जी या भाजपा का नहीं देश की सवा सौ करोड़ जनता का सम्मान है। मोदी सरकार 6000 रुपए सालाना किसानों को दे रही है। राजस्थान में 45 लाख परिवारों को शुद्ध पानी पहुंचने का काम किया है।

शाह ने राहुल गांधी और गहलोत को लिया आड़े हाथ

उन्होंने कहा कि आज की इस सभा का नजारा बता रहा है कि 2023 विधानसभा व 2024 लोकसभा दोनों चुनावों में भाजपा की प्रचंड विजय निश्चित है। गहलोत जी इधर-उधर घूम रहे हैं। कोई उन्हें इस जनसभा का वीडियो दिखा दे तो उन्हें भी मालूम पड़ जाएगा कि उनकी सरकार के जाने का समय हो गया है। गहलोत सरकार ने वंशवाद का विकास किया है, जातिवाद का विकास किया है और इसके साथ तुष्टिकरण की पराकाष्ठा कर हिंसा का नंगा नाच करने का काम किया है। राजस्थान की जनता आज त्राहि-त्राहि कर रही है। राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की बुराई करते हैं। अगर कांग्रेस उनके इसी रास्ते पर चलती रही तो नॉर्थ ईस्ट की तरह पूरे देश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

सीमा की सुरक्षा हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता

शाह ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता, सीमा के क्षेत्र हैं। सीमा की सुरक्षा ही राष्ट्र की सुरक्षा है इसलिए मोदी सरकार बॉर्डर पर इनफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने भारत, भारतीयता और भारत के ज्ञान के ब्रांड एम्बेसडर बनकर विश्व में सम्मान दिलाने का काम किया है। आज न तो कोई आंख उठाकर देख सकता, न कोई हमारी एक इंच जमीन ले सकता है। उन्होंने कहा कि नयी शिक्षा नीति से देश बदलेगा। इतिहास के विद्यार्थी अब विज्ञान में भी माहिर होंगे। 1 जनवरी 2024 को अयोध्या में गगनचुंबी राम मंदिर आपको तैयार मिलेगा। मोदी जी की सटीक नीतियों ने देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया है। हमारी विचारधारा ने देश को सुरक्षित बनाया है।

दीया कुमारी ने भी गहलोत सरकार पर बोला हमला

सांसद दीया कुमारी ने कहा कि पीएम मोदी को छोड़कर देश के किसी प्रधानमंत्री ने महिलाओं की पीड़ा के बारे में नहीं सोचा। मोदी सरकार की उज्जवला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सहित केंद्र की अन्य योजनाओं से महिलाओं को विशेष लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने मेवाड़ क्षेत्र के लिए बहुत कुछ किया है। कुछ ही दिन पहले पीएम मोदी ने राजसमंद दौरे के दौरान करीब 5 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया था।

सांसद दीया कुमारी ने कैन्हयालाल हत्याकांड का जिक्र करते गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। प्रदेश का हर नागरिक प्रताड़ित है। लेकिन, अब तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चलने वाली है। इस साल होने वाले चुनाव में कांग्रेस को मुंह तोड़ जवाब देना है। गहलोत सरकार ने इन साढ़े चार साल में सिर्फ जनता से झूठे वादे कर अपनी कुर्सी बचाई है।

Next Story