पंचायत चुनाव में भाजपा को झटका, हार पर मंथन करेगी पार्टी

जयपुर: राजस्थान के पंचायत चुनावों में कई क्षेत्रों में भाजपा के कमजोर प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर हार के कारणों की समीक्षा की चर्चा तेज हो गई है। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने चुनाव परिणामों को जनता का फैसला बताते हुए कहा कि भाजपा जनादेश का सम्मान करती है और जहां कमियां रही हैं, उनका गंभीरता से मंथन कर सुधार किया जाएगा।
कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलावर ने कहा कि जनता का आदेश शिरोधार्य है। पार्टी चुनाव परिणामों की समीक्षा करेगी और संगठनात्मक कमियों को दूर करने का प्रयास करेगी।
पंचायत चुनाव के नतीजों को सरकार के खिलाफ जनादेश मानने से मंत्री ने इनकार किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर के चुनावों में राजनीतिक दलों से अधिक प्रत्याशियों का व्यक्तिगत प्रभाव महत्वपूर्ण होता है। इसलिए इन परिणामों को सीधे सरकार के कामकाज से जोड़ना उचित नहीं है।
भाजपा में परिवारवाद के सवाल पर दिलावर ने कहा कि पार्टी ने बड़ी संख्या में नेताओं के परिजनों को टिकट नहीं दिए हैं। हालांकि राजनीति में रुचि रखने वाले किसी कार्यकर्ता के परिवार के सदस्य के चुनाव लड़ने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
तीसरे मोर्चे के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने का अधिकार सभी को है और अंतिम फैसला जनता करती है।
बूंदी और झालावाड़ के परिणामों के आधार पर कोटा और बारां के चुनावी नतीजों के सवाल पर दिलावर ने कहा कि स्थिति मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगी। हालांकि उन्होंने कोटा में भाजपा की जीत का भरोसा जताया।





