उदयपुर उप जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, दोनों ने भरा नामांकन

उदयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत उदयपुर जिला परिषद के उप जिला प्रमुख पद के लिए गुरुवार को निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। जिला परिषद सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में सुबह 10 बजे चुनावी प्रक्रिया प्रारंभ हुई।
कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 15 से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य उदयलाल डामोर ने नामांकन दाखिल किया। संवीक्षा के बाद उनका नामांकन वैध पाया गया। वहीं, भाजपा की ओर से पूर्व विधायक दलीचंद डांगी ने अपनी दावेदारी पेश की। पूर्व प्रधान मुरारीलाल उनके प्रस्तावक बने।
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार दोपहर एक बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया रखी गई है। इसके बाद दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्वाचित जिला परिषद सदस्य मतदान करेंगे। उप जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर दोनों राजनीतिक दलों की निगाहें परिणाम पर टिकी हैं।





