राजस्थान

Bikaner: स्कॉर्पियो ने दो बाइकों को रौंदा, चार लोगों की मौत

Tara Tandi
2 March 2025 3:11 PM IST
Bikaner: स्कॉर्पियो ने दो बाइकों को रौंदा, चार लोगों की मौत
x
Bikaner बीकानेर: जिले के नाल थाना क्षेत्र में कल देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने दो बाइकों को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में नाल निवासी कोजूराम पुत्र बिरजूराम, गोरधन पुत्र चोरूराम, राहुल पुत्र चोरूराम और ओमप्रकाश की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो कार इतनी तेज गति में थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों में गोरधन और राहुल सगे भाई थे।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसा इतना भयानक था कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।सूचना मिलने पर नाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की अनियंत्रित चाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन हो रहे सड़क हादसे प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बन चुके हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
Next Story