राजस्थान

Bikaner: विधायक आवास के पास खुला नाला बना खतरा

Admindelhi1
2 July 2025 7:12 PM IST
Bikaner: विधायक आवास के पास खुला नाला बना खतरा
x
"लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी"

बीकानेर: बीकानेर शहर इन दिनों प्रशासन की घोर लापरवाही और निष्क्रियता का जीता-जागता उदाहरण बन गया है। नत्थूसर गेट से चूना भट्ठा वाला मुख्य मार्ग बेणीसर बारी की तरफ, जो पश्चिम विधायक सेवा केंद्र के पास स्थित है, वहां का आम रास्ता पिछले दो महीने से मौत का नाला बन चुका है। स्थानीय प्रशासन ने नाले के पुनर्निर्माण के नाम पर इसे खुला छोड़ रखा है, जिसकी वजह से तकरीबन रोजाना पालतू और आवारा पशु असामयिक काल का ग्रास बन रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

मंगलवार शाम को इसी खुले नाले में एक और गोवंश गिर गया, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त हो गया। गनीमत रही कि स्थानीय गोसेवा युवा टीम के अमित सेवग, सुमित सोलंकी, सुरेंद्र चूरा, राम सांखी, आनंद शर्मा, नीलेश आचार्य, मुकेश मारवाड़ी, अभिषेक व्यास, कमलेश भादाणी, विक्रम व्यास जैसे सक्रिय सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए गोवंश को सुरक्षित नाले से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई और एक पुण्य का कार्य किया।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नेताओं के प्रति अपना तीव्र रोष प्रकट करते हुए तीखा सवाल उठाया, "जब विधायक महोदय के आवास के समीप ही यह हाल है, तो बाकी वार्डों का क्या हाल होगा, यह कहने की आवश्यकता नहीं है।" यह स्थिति तब है जब पूरे बीकानेर शहर में सीवरेज का कार्य चल रहा है, जिससे हर तरफ रास्ते खुदे हुए हैं और विशालकाय नाले खुले पड़े हैं, जिसने आम इंसान का चलना-फिरना तक दुश्वार कर दिया है।

जनता का स्पष्ट आरोप है कि खामियाजा केवल और केवल जनता ही भुगत रही है, क्योंकि प्रशासन तभी जागता है जब जनता धरने के माध्यम से उनकी "छाती पर चढ़ती है।" अब जबकि मानसून ने दस्तक दे दी है, खुले नालों और टूटी सड़कों पर कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित होना स्वाभाविक है, जिसका सीधा खामियाजा जनता को भुगतना पड़ेगा।

जनता में यह सवाल उठ रहा है कि क्या अब कुंभकरणीय नींद में सो रहे इस प्रशासन को जगाने के लिए आम जनता को फिर से आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा? शहर की सुरक्षा और सुविधा के प्रति यह उदासीनता अक्षम्य है और प्रशासन को तत्काल इस गंभीर समस्या पर ध्यान देना चाहिए।

Next Story