राजस्थान

Bikaner: ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

Admindelhi1
18 May 2026 9:22 AM IST
Bikaner: ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
x
जल बचत के लिए सरकार की नई पहल, सूक्ष्म सिंचाई पर जोर

बीकानेर: बीकानेर जिले में जल उपलब्धता की कमी और सिंचाई दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई मिशन की ‘पर ड्राप मोर क्रॉप’ योजना के तहत सूक्ष्म सिंचाई कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने कृषि क्षेत्र में सिंचाई जल के दक्षतम उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम के विस्तार और प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

उद्यानिकी आयुक्त श्वेता चौहान द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत सब्जी खेती और बागीचा स्थापना में उपयोग होने वाली ड्रिप सिंचाई, मिनी फव्वारा तथा फव्वारा संयंत्रों के लिए किसानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि जिले की भौगोलिक, आर्थिक, सामाजिक और कृषि जलवायु परिस्थितियां ड्रिप एवं फव्वारा सिंचाई तकनीक के लिए अनुकूल हैं। उन्होंने बताया कि ड्रिप सिंचाई प्रणाली से 70 से 80 प्रतिशत तक जल की बचत संभव है, जबकि फव्वारा संयंत्र से 50 से 55 प्रतिशत तक जल बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म सिंचाई संयंत्रों की स्थापना पर लघु एवं सीमांत कृषक, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला कृषकों को इकाई लागत का 75 प्रतिशत तक तथा सामान्य श्रेणी के किसानों को 70 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत न्यूनतम 0.2 हेक्टेयर और अधिकतम 5 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए प्रति लाभार्थी अनुदान का प्रावधान किया गया है।

उपनिदेशक उद्यान प्रेमाराम ने बताया कि इच्छुक किसान जन आधार के माध्यम से राज किसान साथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ नवीनतम जमाबंदी, राजस्व रिकॉर्ड की प्रति, बिजली बिल अथवा जल करार प्रपत्र, मृदा एवं जल परीक्षण रिपोर्ट तथा पंजीकृत डीलर से प्राप्त प्रोफॉर्मा इन्वॉयस अपलोड करना आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि किसान योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए राज किसान सुविधा ऐप डाउनलोड कर सकते हैं अथवा संबंधित कृषि पर्यवेक्षक एवं सहायक कृषि अधिकारी (उद्यान) से संपर्क कर सकते हैं।

Next Story