राजस्थान

Bikaner: पेपर लीक मामले पर एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन

Admindelhi1
20 May 2026 1:51 PM IST
Bikaner: पेपर लीक मामले पर एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन
x
नीट पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरी एनएसयूआई

बीकानेर: एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में नीट पेपर लीक मामले को लेकर बीकानेर में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग भी उपस्थित रहे। यह जुलूस जिला कांग्रेस कमेटी देहात कार्यालय से अम्बेडकर सर्किल तक निकाला गया। जहां कार्यकर्ताओं और छात्रों ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

मशाल जुलूस में छात्र, युवा कार्यकर्ता और एनएसयूआई पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मशालें और तख्तियां थीं, जिन पर ‘‘धर्मेन्द्र प्रधान इस्तिफा दो’’, ‘‘एनटीए को प्रतिबन्धित किया जाये’’ छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “पेपर लीक माफिया पर सख्त कार्रवाई करो” जैसे नारे लिखे हुए थे। पूरे रास्ते प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसी एनटीए के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर सबसे अधिक चिंतित और आक्रोशित है, क्योंकि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने मेहनती विद्यार्थियों के सपनों और विश्वास को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और एनटीए की लापरवाही के कारण लाखों छात्र-छात्राओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। श्रीकृष्ण गोदारा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एनएसयूआई युवाओं के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी और जब तक पेपर लीक माफिया पर सख्त कार्रवाई, दोषियों को कड़ी सजा तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

मशाल जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस मौके पर अशोक जोशी, अभिमन्यु जाखड़, सोनू जोशी, दीपक चौधरी, मदत अली,सरवन रामावत और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी, छात्र नेता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Next Story