राजस्थान

Bikaner: नवरतन डागा के नामांकन वापसी से बदला चुनावी समीकरण

Admindelhi1
19 Sept 2026 10:51 AM IST
Bikaner: नवरतन डागा के नामांकन वापसी से बदला चुनावी समीकरण
x
डोटासरा से मुलाकात के बाद नवरतन डागा ने बदला फैसला

बीकानेर: नगर निगम के दो साल बाद होने जा रहे मेयर चुनाव को लेकर नाम वापसी के बाद पिक्चर साफ हो गई है। कांग्रेस के पार्षद नवरतन डागा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दाखिल अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही मेयर चुनाव में अब कांग्रेस के अनिल कल्ला और बीजेपी के डॉ.सुरेंद्र सिंह शेखावत के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। सोमवार को इसके लिये वोटिंग होगी और शाम को ही यह तय हो जाएगा कि बीकानेर का अगला मेयर कौन होगा।

डागा अपना नामांकन वापस लेने के लिए कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के साथ नगर शुक्रवार काे निगम दफ्तर पहुंचे। नामांकन वापस लेने के बाद डागा ने कहा कि उन पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं था, आलाकमान ने उनसे बातचीत कर पूरी तरह संतुष्ट किया है। उन्होंने कहा, मैं किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यवस्था के खिलाफ था। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो असहमति और अपनी बात रखने को तवज्जो देती है। डागा ने कहा कि वे पहले भी कांग्रेस में थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। सर्वे में अनिल कल्ला का नाम आया तो उनका यह अधिकार बनता है। कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और शहर में कांग्रेस का ही मेयर बनेगा। मैं आजीवन कांग्रेस का रहूंगा। उन्होंने कहा अनिल उनका छोटा भाई है। मेरा किसी से व्यक्तिगत द्वेष नहीं। मेरा विरोध सिस्टम के खिलाफ था और मैंने अपने शीर्ष नेतृत्व के समक्ष अपनी बात रखी।उनके सन्तुष्टिपूर्ण जबाब के बाद मैनें अपना नामांकन वापस ले लिया है।

नामांकन वापसी से पहले नवरतन डागा की कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात हुई थी। इसके बाद डागा के नामांकन वापस लेने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब नामांकन वापसी के बाद माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व और डागा के बीच बातचीत के बाद सहमति बनी।

Next Story