राजस्थान

Bikaner: आईसीएसआई ने कौशल विकास की नई योजनाएं घोषित कीं

Admindelhi1
19 Sept 2026 10:07 AM IST
Bikaner: आईसीएसआई ने कौशल विकास की नई योजनाएं घोषित कीं
x
आईसीएसआई की नई पहलों से कौशल विकास पर जोर

बीकानेर: भारतीय कम्पनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) ने कॉरपोरेट गवर्नेंस को मजबूत करने, प्रोफेशनल्स एवं विद्यार्थियों के कौशल विकास, वैश्विक अवसरों के विस्तार और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के लिए कई नई पहलों की घोषणा की है।

आईसीएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएस पवन जी. चांडक ने शुक्रवार को बीकानेर में पत्रकार सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान की ओर से पहली ग्लोबल गवर्नेंस कॉन्फ्रेंस का आयोजन 8 और 9 जनवरी 2027 को मुंबई में किया जाएगा। सम्मेलन में सरकारी अधिकारियों, कॉरपोरेट लीडर्स, प्रोफेशनल्स, शिक्षाविदों और नियामकों के शामिल होने की संभावना है। इसका उद्देश्य जिम्मेदार और बेहतर कॉरपोरेट गवर्नेंस के लिए वैश्विक स्तर पर भविष्य की दिशा तय करना है।

चांडक ने बताया कि विद्यार्थियों और सदस्यों के लिए विभिन्न नए पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं। संसद के अधिनियम के तहत गठित तथा कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के अधीन कार्यरत आईसीएसआई कम्पनी सचिव पेशे के विकास, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा एवं प्रशिक्षण और कॉरपोरेट गवर्नेंस के मानक बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आईसीएसआई से 80 हजार से अधिक सदस्य और करीब 2.5 लाख विद्यार्थी जुड़े हुए हैं। संस्थान की नई पहलों का उद्देश्य कॉरपोरेट गवर्नेंस, प्रोफेशनल शिक्षा, वैश्विक अवसरों और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप कम्पनी सचिव पेशे को सक्षम बनाना है।

इस अवसर पर सेंट्रल काउंसिल सदस्य सीएस मनोज कुमार पांडे, आईसीएसआई बीकानेर शाखा अध्यक्ष खुशबू कोठारी और सचिव गिरिराज जोशी मौजूद रहे।

Next Story