बीकानेर के सीए अश्विनी कुमार व्यास को दुबई में मिला प्रतिष्ठित सम्मान

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर में जन्मे चार्टर्ड अकाउंटेंट अश्विनी कुमार व्यास ने संयुक्त अरब अमीरात में प्रतिष्ठित ‘टॉप 50 सीएफओ’ सम्मान हासिल किया है। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से बीकानेर और पुष्करणा समाज में खुशी का माहौल है।
एंकर एलाइड कंपनी में मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के पद पर कार्यरत व्यास को दुबई मरीना स्थित एक होटल में आयोजित सीएफओ ऑनर्स अवार्ड समारोह में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी व्यावसायिक उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता और वित्तीय क्षेत्र में योगदान की पहचान है।
समारोह में वित्तीय क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित अधिकारियों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। आईएमए दुबई चैप्टर के अध्यक्ष कौशर असरफ भी कार्यक्रम से जुड़े रहे।
अश्विनी कुमार व्यास की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।





