राजस्थान

Bikaner: बीकानेर में रैली के बाद प्रशासन ने जारी किए निर्देश

Admindelhi1
17 Feb 2026 8:58 PM IST
Bikaner: बीकानेर में रैली के बाद प्रशासन ने जारी किए निर्देश
x

बीकानेर: भारतीय सेना के आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस झुंझुनूं के तत्वावधान में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय स्टेडियम में 29 जनवरी से आयोजित भर्ती रैली सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।

भर्ती इंचार्ज कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि रैली में चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनूं और श्रीगंगानगर जिलों के पात्र अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इस दौरान ब्रिगेडियर उपेंद्र कौशल ने भर्ती स्थल का निरीक्षण कर विशेष रूप से मेडिकल परीक्षण क्षेत्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सीय जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष, व्यवस्थित और पारदर्शी रखने के निर्देश दिए तथा अधिकारियों और स्टाफ से संवाद कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। कर्नल कुमार ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज लंबित हैं, वे शेष आवश्यक दस्तावेज 23 फरवरी 2026 तक आर्मी भर्ती कार्यालय झुंझुनूं में जमा कर दें। निर्धारित समयावधि में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भर्ती रैली के दौरान जिला प्रशासन बीकानेर के सहयोग से व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। दूरदराज से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रात्रि विश्राम हेतु रैन बसेरों में गद्दे और कंबलों की व्यवस्था की गई। शहर के बस स्टैंड से भर्ती स्थल तक पिक-एंड-ड्रॉप सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत भर्ती स्थल पर 24 घंटे मेडिकल व्यवस्था सुनिश्चित की गई। शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस तथा अन्य समय में बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस तैनात रहीं। कर्नल कुमार ने बताया कि नागरिक-सैन्य समन्वय और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के चलते भर्ती रैली शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। चयन प्रक्रिया के अगले चरण नियमानुसार जारी रहेंगे।

Next Story