राजस्थान

Bikaner: त्योहारों पर भाईचारा और आपसी सम्मान बनाए रखने का आह्वान

Admindelhi1
25 Jun 2026 9:13 AM IST
Bikaner: त्योहारों पर भाईचारा और आपसी सम्मान बनाए रखने का आह्वान
x
त्योहार समाज को जोड़ने का माध्यम, प्रेम से मनाएं उत्सव

बीकानेर: जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक बुधवार को जिला कलेक्टर निशान्त जैन तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा द्वारा कलक्ट्रेट सभागार में ली गई।

जिला कलेक्टर ने कहा कि गुरुवार को निर्जला एकादशी तथा शुक्रवार को मोहर्रम का त्यौहार है। सभी शहरवासी इन त्यौहारों को आपसी समन्वय, सौहार्द और स्नेह के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि बीकानेर की अपणायत की परंपरा अपने आप में विशेष है। यह सांस्कृतिक और सामाजिक एकता वाला शहर है। शहर की संस्कृति को बनाए रखते हुए सभी मिलजुल कर त्यौहार मनाएं।

जिला कलक्टर ने कहा कि इस दौरान पुलिस और प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके लिए उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निर्जला एकादशी के दौरान लक्ष्मीनाथ मंदिर के आसपास तथा मुहर्रम के दौरान सभी संबधित स्थानों पर साफ-सफाई, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सकीय टीमों की तैनातगी सहित समस्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। विद्युत निगम को बिजली के ढीले तारों को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। विद्युत और पेयजल सप्लाई व्यवस्थित रखने के लिए निर्देशित किया।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि ऐसी बैठकों में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें भी बीकानेर की साझा संस्कृति की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी शहरवासी आपसी स्नेह और संयम के साथ त्यौहार मनाएं। पुलिस और प्रशासन द्वारा इस दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएंगी।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) रीना, उपखण्ड अधिकारी महिमा कसाना, प्रशिक्षु आइएएस मनु गर्ग, वृत्ताधिकारी पुलिस (सदर) अनुष्ठा कालिया, अनुज डाल, नगर निगम उपायुक्त दमयंती कंवर के साथ विभिन्न समाजों से सीताराम कच्छावा, रहमत अली, राजकुमार पारीक, चोरू लाल सुथार, वली मोहम्मद गौरी, दिनेश चौहान, बच्छराज नाहटा, मोहम्मद सलीम, हनीफ मोहम्मद पिंजारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और थानाधिकारी मौजूद रहे।

Next Story