राजस्थान

Bhilwara: सड़क हादसे में एक परिवार के तीन लोगों की जान गई

Admindelhi1
19 Sept 2026 11:12 AM IST
Bhilwara: सड़क हादसे में एक परिवार के तीन लोगों की जान गई
x
सड़क दुर्घटना में परिवार के तीन सदस्यों की मौत

भीलवाड़ा: भीलवाड़ा-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग-758 पर नयागांव के पास शुक्रवार शाम तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दंपती समेत उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसका मलबा कार के अंदर जा फंसा। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

हादसा बीगोद थाना क्षेत्र में शाम करीब पांच बजे हुआ। थाना प्रभारी जय सुलतान के अनुसार दिल्ली नंबर की वरना कार और बाइक की नयागांव के पास आमने-सामने टक्कर हुई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके पर दौड़कर पहुंचे। बाइक सवार तीनों लोग उछलकर कार के शीशे से जा टकराए। गंभीर चोटों के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के रूपाहेली निवासी भगवान बागरिया (67), उनकी पत्नी देऊ बागरिया (53) और बेटे रतन बागरिया (24) के रूप में हुई है।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर शवों को बीगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया।

जानकारी के अनुसार दंपती अपने बेटे के साथ मांडलगढ़ की ओर जा रहे थे, जबकि कार कोटा की तरफ से आ रही थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की गति सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Next Story