राजस्थान

Bhilwara: मांडल में भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत

Admindelhi1
15 May 2026 3:22 PM IST
Bhilwara: मांडल में भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत
x

भीलवाड़ा: भीलवाड़ा जिले के मांडल चौराहे पर शुक्रवार अलसुबह नेशनल हाईवे-48 खून से लाल हो गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने जीआरपी जवानों की बाइक को इतनी भीषण टक्कर मारी कि दो पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ ले जाए जा रहे चोरी के आरोपित ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार, अफरा-तफरी और लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाने के हेड कॉन्स्टेबल लेखराज बागड़ी (55) निवासी किशनगढ़ और कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार जाट (48) की पोस्टिंग भीलवाड़ा में थी। दोनों पुलिसकर्मी बाइक चोरी के आरोपित छोटू भील (40) को मांडल से भीलवाड़ा लेकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि विभाग के पास बड़ी गाड़ी उपलब्ध नहीं होने के कारण आरोपित को बाइक पर ही ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान मांडल चौराहे के पास पुलिया के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों जवान सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आरोपित छोटू भील गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल मांडल उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-48 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल करवाया।

इस दर्दनाक हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है। ड्यूटी निभाते हुए दो जवानों की मौत से जीआरपी और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं हाईवे पर तेज रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Next Story