Bharatpur: अवैध शराब मामलों में सख्ती, IG ने अधिकारियों को दिए निर्देश

भरतपुर: भरतपुर रेंज की पुलिस महानिरीक्षक प्रीति चंद्रा ने शुक्रवार को अटलबंद थाना परिसर में जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग मारपीट, अवैध शराब की बिक्री और अनैतिक गतिविधियों सहित विभिन्न शिकायतें लेकर पहुंचे। आईजी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान आईजी ने पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा थाना प्रभारियों के साथ शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हाल ही में भरतपुर रेंज का कार्यभार संभालने के बाद सभी जिलों का दौरा किया जा रहा है, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
सेवर क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिलने पर आईजी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच के निर्देश दिए। वहीं शहर के कुछ होटलों में ऐसी गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा।
अवैध शराब की बिक्री के मामलों पर भी आईजी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने बताया कि पूर्व में कराई गई जांच में बी-नारायण गेट क्षेत्र के एक शराब गोदाम से नियमों के विपरीत शराब बिक्री की पुष्टि हुई थी। इसके बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद किया गया है।
जनसुनवाई के दौरान एक मारपीट प्रकरण में शिकायत लेकर पहुंचे पिता-पुत्र अपनी आपबीती बताते हुए भावुक हो गए। आईजी ने उनकी शिकायत गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आईजी प्रीति चंद्रा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।





