राजस्थान

Bharatpur: भरतपुर में बस दुर्घटना के बाद राहत-बचाव अभियान

Admindelhi1
30 Jun 2026 4:45 PM IST
Bharatpur: भरतपुर में बस दुर्घटना के बाद राहत-बचाव अभियान
x
बस हादसे की जांच में जुटी पुलिस, दुर्घटना के कारणों का लगाया जा रहा पता

भरतपुर: जयपुर से आगरा जा रही जनता ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस सोमवार तड़के भरतपुर जिले के डेहरा मोड़ के पास सड़क हादसे का शिकार हो गई। बस ने आगे चल रहे एक वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार करीब 11 यात्री घायल हो गए। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

डेहरा मोड़ चौकी प्रभारी जुगल किशोर ने बताया कि हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। उस समय बस जयपुर से आगरा जा रही थी और उसमें लगभग 35 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद संबंधित वाहन चालक मौके से चला गया, जबकि बस चालक यह भी नहीं बता सका कि बस किस वाहन से टकराई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल आरबीएम अस्पताल पहुंचाया।

अधिकांश यात्रियों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। बस चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

हादसे में रोशनी, अमजद, आशिया, महमूब, आसार, फरीम (सभी निवासी कर्नाटक) तथा विजय निवासी किरावली गंभीर रूप से घायल हुए। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

बताया गया कि कर्नाटक से आए यात्री अजमेर स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में जियारत के लिए आए थे और यात्रा के दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story