Bharatpur: विश्व पर्यावरण दिवस पर भरतपुर जिला अस्पताल में पौधारोपण

भरतपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला अम्बेडकर वेलफेयर सोसायटी की ओर से जिला आरबीएम अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और सोसायटी के पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नीम और करंज जैसे छायादार व औषधीय पौधों का रोपण किया।
वरिष्ठ चिकित्सकों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
इस कार्यक्रम में आरबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. नगेंद्र भदौरिया, डॉ. प्रणव गुप्ता,डॉ. राघवेंद्र, नर्सिंग अधीक्षक अशोक कुमार और नर्सिंग ऑफिसर भंवर सिंह सागर सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
डॉ. नगेंद्र भदौरिया ने इस मौके पर पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, “आज के दौर में पेड़ों का महत्व केवल छाया या ऑक्सीजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पृथ्वी के संतुलन को बनाए रखने का आधार हैं। ऐसे आयोजनों से समाज को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का बोध होता है।”
अस्पताल स्टाफ ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
इस अवसर पर अम्बेडकर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष भंवर सिंह सागर ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी निरंतर देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि
“हर लगाई गई हरियाली तभी फलदायक होती है जब उसकी देखभाल नियमित रूप से की जाए। समाज के हर व्यक्ति को अपने हिस्से का एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए।”
नर्सिंग कर्मचारियों ने भी इस मुहिम में भाग लेते हुए वृक्षारोपण को अपने सेवा भाव का एक हिस्सा माना और आगे भी ऐसे कार्यों में सहयोग देने की बात कही।





