Behror: ट्रक चालक को डंडा मारने पर भड़के ड्राइवर, परिवहन विभाग के गार्ड की जमकर पिटाई की

बहरोड़: काठूवास टोल प्लाजा पर बुधवार रात को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब परिवहन विभाग के एक गार्ड ने ट्रक चालक को डंडा मारकर घायल कर दिया। घटना से गुस्साए अन्य ट्रक चालकों ने पहले मौके पर विरोध जताया और फिर गार्ड को पकड़कर हरियाणा सीमा की ओर ले जाकर जमकर पीटा।
मामला मांढण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले काठूवास टोल का है, जहां परिवहन विभाग में कार्यरत मनोज नामक गार्ड ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक से विवाद कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस बढ़ने पर गार्ड ने ट्रक चालक के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे चालक लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद वहां मौजूद अन्य ट्रक चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। घायल चालक को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि आक्रोशित चालकों ने मनोज गार्ड को पकड़कर हरियाणा सीमा में ले जाकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना पर हरियाणा और राजस्थान पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की सत्यता की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस घटना ने टोल प्लाजा पर गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवहन विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।





