राजस्थान

Barwada: जिला कलेक्टर ने अटल जन सेवा शिविर में की जनसुनवाई

Tara Tandi
10 July 2025 5:04 PM IST
Barwada: जिला कलेक्टर ने अटल जन सेवा शिविर में की जनसुनवाई
x
Barwada बरवाड़ा: जन समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले के समस्त उपखंड मुख्यालयों पर अटल जन सेवा शिविरों के दौरान पंचायत समिति चौथ का बरवाड़ा में जिला कलक्टर काना राम ने जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र, पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
अटल जन सेवा शिविर के दौरान जिला कलक्टर के समक्ष पट्टा जारी करवाने, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने, राशन कार्ड में आधार सीडिंग, लघु एवं सीमांत किसान प्रमाण पत्र, जलभराव की समस्या, बिजली बिलों की विसंगतियां, पेयजल समस्या, अतिक्रमण, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, राजीविका भवन निर्माण, पेंशन स्वीकृति जैसे विविध प्रकरण प्रस्तुत किए गए। सभी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परिवादों का समयबद्ध ढंग से संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने रास्तों पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अधिकारी अपने कार्यालय में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक एक घंटे की जनसुनवाई अनिवार्य रूप से करें। साथ ही प्रत्येक माह के प्रथम गुरुवार को ग्राम पंचायत स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की जाए, जिसमें संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। त्रिस्तरीय जन सेवा शिविरों में प्राप्त परिवादों को पहले ऑनलाइन अपलोड किया जाए ताकि समाधान की प्रक्रिया पारदर्शी रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि रात्रि चौपालों एवं जनसुनवाई की सूचनाएं समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से आमजन तक पहुंचाई जाएं तथा चौपालों में विभागीय योजनाओं की जानकारी भी मौके पर दी जाए। समाधान के उपरांत परिवादी से संवाद कर उसकी संतुष्टि की पुष्टि अवश्य की जाए। जिला कलक्टर ने कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक परिवादी का मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज किया जाए, ताकि समाधान होने पर उसे व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जा सके।
पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश :- शिविर के उपरांत जिला कलक्टर ने पंचायत समिति परिसर में जामुन का पौधा लगाकर ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान को प्रोत्साहित किया। उन्होंने विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत स्तर पर अधिकाधिक पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख एवं परिसर के सौन्दर्यकरण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी दामोदर सिंह, तहसीलदार नीरज सिंह, विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story