Barmer: सड़क हादसे में दो की मौत, बस और कार की आमने-सामने टक्कर

बाड़मेर: नेशनल हाईवे-68 पर शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसे में स्विफ्ट कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कार के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
हादसा गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में रामजी की गोल के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार गुजरात रोडवेज की बस बाड़मेर से सांचौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही स्विफ्ट कार से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार दो लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही रामजी की गोल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास मौजूद लोगों की मदद से कार सवारों को सांचौर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परबत भाई (40) पुत्र सेमा भाई और बाबू भाई (35) पुत्र पराग भाई निवासी राधनपुर पाटन (गुजरात) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में ठाकुर सतीश भाई गंभीर घायल हुए हैं, जिनका सांचौर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं कार सवार राजेश भाई (30) पुत्र भगवान भाई हादसे में सुरक्षित बच गए।
चौकी प्रभारी हनुमान राम ने बताया कि कार सवार सभी लोग गुजरात के राधनपुर से निकले थे। उनका पहले बाड़मेर के बायतू में आयोजित वडियार सेवा कैंप में सेवा करने जाने का कार्यक्रम था। इसके बाद वे जैसलमेर के रामदेवरा मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले थे, लेकिन रामजी की गोल के पास हादसे ने उनकी यात्रा को दर्दनाक मोड़ दे दिया।
टक्कर के बाद हाईवे पर क्षतिग्रस्त वाहन बीच सड़क पर आ जाने से यातायात बाधित हो गया और मौके पर जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और कार को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





