राजस्थान

Barmer: डीजल के बदले नकली नोट दिए, कार लेकर भागे तीन युवक पुलिस के हत्थे चढ़े

Admindelhi1
4 Sept 2026 11:25 AM IST
Barmer: डीजल के बदले नकली नोट दिए, कार लेकर भागे तीन युवक पुलिस के हत्थे चढ़े
x
डीजल भरवाकर नकली नोट थमाए, कार से भागे तीन युवक पकड़े गए

बाड़मेर: रामसर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाकर नकली नोट देकर फरार हुए तीन युवकों को पुलिस ने देर रात दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बिना नंबर की क्रेटा कार भी जब्त की है।

घटना बुधवार रात करीब 8 बजे बालाजी पेट्रोल पंप की है। क्रेटा कार में सवार तीन युवक पंप पर पहुंचे और 2220 रुपए का डीजल भरवाया। भुगतान के लिए उन्होंने 500-500 रुपए के चार नोट के साथ 200 और 20 रुपए का एक-एक नोट सेल्समैन को दिया। 500 रुपए के नोट हाथ में लेते ही सेल्समैन को उनके नकली होने का शक हुआ। उसने युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तीनों कार लेकर फरार हो गए।

सेल्समैन ने पंप संचालक जयपाल पूनिया को सूचना दी। इसके बाद पूनिया ने अपने पिता और भाई के साथ कार से क्रेटा का पीछा किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे।

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करवाई। देर रात गडरारोड पुलिस ने बिना नंबर की क्रेटा कार को रोककर तीनों युवकों को पकड़ लिया।

गडरारोड थानाधिकारी मुकनदान के अनुसार कार की तलाशी लेने पर करीब डेढ़ लाख रुपए के नकली नोट मिले। पुलिस ने नकली नोटों को जब्त कर लिया है और उनकी जांच की जा रही है। तीनों युवकों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली नोट कहां से आए और इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

Next Story