राजस्थान

Barmer: हिरण शिकार करते तीन आरोपी पकड़े, ग्रामीणों की सतर्कता से सफलता

Admindelhi1
10 July 2026 11:05 AM IST
Barmer: हिरण शिकार करते तीन आरोपी पकड़े, ग्रामीणों की सतर्कता से सफलता
x

बाड़मेर: बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों की सतर्कता से हिरण का शिकार करने वाले तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से हिरण का मांस, शिकार में इस्तेमाल होने वाला कटर, टॉर्च और एक बाइक बरामद की गई है। वन विभाग ने तीनों को हिरासत में लेकर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन विभाग के रेंजर रूपाराम ने बताया कि बुधवार देर रात पनावड़ा गांव निवासी धमाराम, जुंझाराम और प्रहलादराम बायतू थाना क्षेत्र के कोलू गांव के पास टॉर्च की रोशनी में हिरण का शिकार कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों को इसकी सूचना मिल गई।

ग्रामीणों के मौके पर पहुंचते ही तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर भाग निकले। लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए बोलेरो वाहन से करीब 10 किलोमीटर तक उनका पीछा किया और कानोड़ रोड पर तीनों को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपियों को मौके पर ही रोककर वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर देर रात वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हिरण का मांस, अवशेष, शिकार में इस्तेमाल होने वाला कटर, टॉर्च और अन्य उपकरण बरामद किए गए। वन विभाग ने साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Next Story