राजस्थान

Barmer: मरीजों की भीड़ देख अस्पताल पहुंचे अधिकारी

Admindelhi1
27 Jan 2026 7:30 PM IST
Barmer: मरीजों की भीड़ देख अस्पताल पहुंचे अधिकारी
x

बाड़मेर: जिला कलक्टर टीना डाबी और भारतीय प्रशासनिक अधिकारी और उपखंड अधिकारी बाड़मेर यशार्थ शैखर ने बाड़मेर जिला मुख्यालय पर स्थित जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया और उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा व्यवस्थाओं के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।जिला कलक्टर द्वारा निरीक्षण के दौरान अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं में भर्ती रोगियों की स्थिति, उपचार प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, व्यवस्थाओं एवं सेवा संचालन का भी अवलोकन किया गया। जिला कलक्टर टीना डाबी ने जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान आवश्यक साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। डाबी ने इस दौरान इमरजेंसी डे-केयर वार्ड, कार्डियक केयर यूनिट, पोस्ट-ऑपरेटिव वार्ड, रामाश्रय वार्ड, मेडिकल आईसीयू, एनेस्थीसिया आईसीयू, फीमेल मेडिकल-ए तथा फीमेल मेडिकल-बी वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का गहन निरीक्षण किया गया।

जिला कलक्टर ने निरीक्षण के दौरान रोगी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा अस्पताल सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। अस्पताल प्रशासन द्वारा कलक्टर द्वारा प्रदान किए गए निर्देशों के शीघ्र एवं प्रभावी अनुपालन का का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. हनुमानराम चौधरी, नर्सिंग अधीक्षक राजेंद्र चौधरी एवं चंदनदान देथा, जगदीश सोनी सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी तथा अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहे।

इसी तरह अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत और जिले के सभी उपखंड अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रानीगांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बालेरा का निरीक्षण किया।

उपखंड अधिकारी बाड़मेर यशार्थ शेखर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कवास, सेड़वा उपखड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेड़वा, चौहटन उपखंड अधिकारी रणछोड़ सोलंकी ने जिला चिकित्सालय चौहटन, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गोहनिया, गड़रारोड़ सुरेश कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गडरारोड, रामसर उपखंड अधिकरी रामलाल मीना ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामदेव नगर, रामसर, बायतु उपखंड अधिकारी कल्पित शिवरन ने उप जिला चिकित्सालय बायतू का निरीक्षण किया। इस दौरान इन अधिकारियों ने चिकित्सा संस्थाओं में प्रदान की जा रही चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Next Story