
बाड़मेर: राजस्थान में भीषण गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर देश के सबसे गर्म स्थानों में से एक बन गए हैं। गुजरात के सुन्दरनगर के बाद बाड़मेर देश का दूसरा सबसे गर्म क्षेत्र दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3 दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसका मतलब है कि अप्रैल में राजस्थान में अधिकतम तापमान 45 डिग्री को पार कर सकता है। जयपुर मौसम केंद्र ने भी 6 अप्रैल को बाड़मेर, जैसलमेर और आसपास के इलाकों के लिए भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। इसी तरह 7 अप्रैल के लिए भीलवाड़ा, जोधपुर, बीकानेर, बाड़मेर और जैसलमेर में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तूफान: प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते कल देर शाम राजधानी जयपुर समेत कई शहरों में आंधी-तूफान देखने को मिला। हालांकि, मौसम विभाग ने जयपुर समेत कई जगहों पर ओलावृष्टि की चेतावनी दी थी।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में तापमान की स्थिति इस प्रकार रही। राज्य के अधिकांश शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से ऊपर बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान संगरिया में 14.1 डिग्री दर्ज किया गया।
राज्य के अन्य शहरों में तापमान की स्थिति इस प्रकार रही। राज्य के अधिकांश शहरों में हवा में नमी का स्तर 10 से 30 प्रतिशत के बीच रहा। अजमेर में अधिकतम तापमान 36.9 और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा। अलवर में अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रहा। जयपुर में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। पिलानी में अधिकतम तापमान 38.3 व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहा। सीकर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री दर्ज किया गया।





