राजस्थान

Barmer: विधानसभा में भायल का निर्देश, जल आपूर्ति में न हो लापरवाही

Admindelhi1
26 April 2026 12:27 PM IST
Barmer: विधानसभा में भायल का निर्देश, जल आपूर्ति में न हो लापरवाही
x

बाड़मेर: गर्मी के मौसम में आमजन को समय पर पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने जलदाय विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए। बैठक प्रोजेक्ट कार्यालय बालोतरा मुख्यालय पचपदरा में आयोजित हुई, जिसमें क्षेत्र की जल आपूर्ति व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

विधायक भायल ने कहा कि सिवाना विधानसभा क्षेत्र में तीन प्रमुख योजनाओं के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन कई स्थानों पर समय पर पानी नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नर्मदा परियोजना का पानी अभी तक नहीं पहुंच पाया है, जबकि समदड़ी, सिणधरी और सिवाना क्षेत्र में पोकरण-फलसूंड तथा उम्मेद सागर धवा योजनाओं के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही है। इसके बावजूद सप्लाई में अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सिवाना नगर क्षेत्र में बने जल भंडारण स्टोरेज का उल्लेख करते हुए कहा कि पानी उपलब्ध होने पर नगर पालिका को नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि शहरवासियों को परेशानी न हो।

विधायक ने यह भी बताया कि क्षेत्र में कई सौर ऊर्जा चालित नलकूप वर्तमान में बंद पड़े हैं। इनमें पानी उपलब्ध होने के बावजूद बिजली कनेक्शन के अभाव में संचालन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे नलकूपों के लिए शीघ्र विद्युत कनेक्शन के आवेदन कर उन्हें चालू कराया जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके। बैठक में टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति को भी समयबद्ध और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

विधायक भायल ने अधिकारियों को कहा गया कि वे नियमित सुपरविजन करें ताकि किसी भी क्षेत्र में पानी की कमी न हो। साथ ही बंद पड़े नलकूपों और पाइपलाइनों को शीघ्र दुरुस्त कर पुनः चालू करने पर जोर दिया गया। स्वीकृत नलकूपों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए विधायक भायल ने गांव सिनेर के लिए स्वीकृत 48 लाख रुपये की योजना का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रस्तावित दो नलकूपों की खुदाई जल्द पूरी कर उन्हें चालू किया जाए, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र राहत मिल सके।

बैठक के दौरान विधायक ने स्पष्ट हिदायत दी कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए कि गर्मी के इस मौसम में किसी भी नागरिक को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। बैठक में जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा, सिवाना अधिशासी अभियंता, सिणधरी एवं सिवाना के सहायक अभियंताओं सहित सभी कनिष्ठ अभियंता और जलापूर्ति अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story