राजस्थान

Baran: जिला स्तरीय बैंकिंग समिति की समीक्षा बैठक संपन्न जिला कलेक्टर ने दिए निर्देश

Tara Tandi
2 July 2025 6:01 PM IST
Baran: जिला स्तरीय बैंकिंग समिति की समीक्षा बैठक संपन्न जिला कलेक्टर ने दिए निर्देश
x
Baran बारां । मिनी सचिवालय सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय बैंकिंग सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 की मार्च तिमाही की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने बैंकों को निर्देश दिए कि वे लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करें और लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएं।
कलक्टर तोमर ने बैंकिंग विकास, ऋण-जमा अनुपात तथा वार्षिक साख योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि बैंकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को और अधिक बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने बैंकों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत खोले गए पुराने खातों का भौतिक सत्यापन कर पुनः सक्रिय करें। इसके लिए जिले की 232 ग्राम पंचायतों में 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक बैंक कार्यदिवसों में तिथिवार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे है।
कृषि क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए आवंटित लक्ष्य अनुसार ऋण वितरण किए जाए। उन्होंने किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए कृषि से संबंधित गतिविधियों जैसे पशुपालन, बागवानी व सोलर ऊर्जा आदि के लिए भी ऋण प्रदान करने पर जोर दिया जाए। जिससे कि किसान की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।
माइक्रो प्लानिंग से सुलझें लंबित मामले
लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान के लिए जिला कलक्टर ने बैंकों के जिला समन्वयक को निर्देश दिए कि माइक्रो प्लानिंग के माध्यम से कार्य करें तथा वार्षिक साख योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें। उन्होंने पीएम विश्वकर्मा योजना, सोलर लाइट योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि प्रोत्साहन योजना आदि में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
4348.82 करोड़ की हुई प्रगति
अग्रणी जिला प्रबंधक जनवेद मीना ने बताया कि वार्षिक साख योजना के तहत प्राथमिक क्षेत्र में कृषि के लिए 3413.39 करोड़ रुपए, उद्योग क्षेत्र के लिए 1483.04 करोड़ एवं अन्य क्षेत्रों के लिए 153.59 करोड़, कुल 5050.00 करोड़ के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। मार्च तिमाही में इन प्राथमिक क्षेत्रों की प्रगति 4348.82 करोड़ रही, जो वार्षिक लक्ष्य का 86.11 प्रतिशत है। बैठक में सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख गौरव त्यागी, एसबीआई क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार सिंह, आरजीबी के उप क्षेत्रीय प्रबंधक हेमन्त खंडेलवाल, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक घनश्याम मीणा सहित विभिन्न बैंक समन्वयक व अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story