राजस्थान

Baran: रात्रि चौपाल में जनहित पर फोकस, जिला प्रशासन ने दिखाया समाधान का संकल्प

Tara Tandi
28 Jun 2025 4:50 PM IST
Baran: रात्रि चौपाल में जनहित पर फोकस, जिला प्रशासन ने दिखाया समाधान का संकल्प
x
Baran बारां । मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के ‘जनसेवा ही संकल्प’ दृष्टिकोण के अंतर्गत जिला प्रशासन बारां ने सराहनीय पहल करते हुए छबड़ा ब्लॉक की मध्यप्रदेश की सीमावर्ती ग्राम पंचायत तीतरखेड़ी में शुक्रवार शाम को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने जमीन पर बैठकर आत्मीयता के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई मामलों का समाधान कर जनहित में संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला कलक्टर तोमर ने न सिर्फ ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना बल्कि जलभराव, पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति में बाधा, सड़क मरम्मत, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं और अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर तुरंत संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। 70 से अधिक प्रकरणों का मौके पर ही समाधान करते हुए कलक्टर ने कहा कि शासन की मंशा केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि धरातल पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
जिला कलक्टर तोमर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि यदि उनकी कोई समस्या हल नहीं होती है तो वे उन्हें सीधे कॉल कर सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आमजन की सेवा और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। यही नहीं, जन सुनवाई के दौरान हरियालो राजस्थान योजना में शून्य प्रगति और श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध नहीं कराए जाने के गंभीर मामलों को गंभीरता से लेते हुए ग्राम विकास अधिकारी सागर सिंह मीणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
वहीं, ग्रामीणों द्वारा ओवरस्पीड व ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने एवं थर्मल पावर प्लांट की राख को सार्वजनिक सड़कों पर फेंके जाने की शिकायत को भी जिला कलक्टर ने गंभीरता से लिया और पावर प्लांट के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से इस पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कलक्टर ने तीतरखेड़ी ग्राम पंचायत में निरीक्षण कर सुचारू रास्ते एवं पेयजल आपूर्ति का जायजा लेकर निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में एसीईओ हरिशचंद मीणा, डीएसओ अनील चौधरी, सीएमएचओ संजीव सक्सेना, एसई एम एन बिलौटिया, एसई आलोक गुप्ता, सहायक निदेशक दुर्गा शंकर, सहायक निदेशक सतीश परिहार, सहायक निदेशक शुभम नागर, सहायक जनसंपर्क अधिकारी मोहन लाल, उपखंड अधिकारी रामसिंह गुर्जर, प्रधान हरिओम नागर, पराक्रम सिंह, सरपंच तीतरखेड़ी सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Next Story