राजस्थान

Baran : मुख्यमंत्री की पहल पर जिले में रोजगार सहायता शिविर, 701 युवाओं को मिली नई राह

Tara Tandi
21 Feb 2025 7:03 PM IST
Baran : मुख्यमंत्री की पहल पर जिले में रोजगार सहायता शिविर, 701 युवाओं को मिली नई राह
x
Baran बारां । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा अनुसार, जिला रोजगार कार्यालय बारां द्वारा शुक्रवार को होटल राज पैलेस, में रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया गया। राजस्थान कौशल रोजगार एवं उद्यमिता विभाग की ओर से रोजगार शिविर आयोजित किया गया। जिसमें विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं ने युवाओं के लिए नौकरी, स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण के अवसर प्रदान किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी नरेश सिंह सिकरवार, जगदीश मीणा, ओमप्रकाश परेता और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला रोजगार अधिकारी राकेश कुमार वर्मा ने स्वागत उद्बोधन में रोजगार शिविर की महत्ता और करियर मार्गदर्शन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सम्मिलित विभिन्न अतिथियों ने युवाओं को रोजगार की महत्ता और मेहनत के साथ सफलता पाने के लिए प्रेरित किया। नरेश सिंह सिकरवार ने युवाओं को अपनी योग्यताओं के अनुसार नौकरी चयन पर ध्यान देने और नौकरी में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा दी। रोजगार सहायता शिविर में 19 कंपनियों और संस्थाओं ने कुल 912 युवाओं का पंजीयन किया, जिनमें से 701 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया। इनमें से 538 युवाओं को वेतनभोगी नौकरी, 57 युवाओं को स्वरोजगार और 106 युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में रिलायंस जनरल इंश्योरेंस, यूनिवर्सल सोम्पो, एसआईएस सिक्योरिटी, चैतन्य फाइनेंस, एसबीआई लाइफ जैसी प्रमुख कंपनियों ने अपनी नौकरी और प्रशिक्षण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही कौशल प्रशिक्षण योजनाओं के तहत आरएसएलडीसी के जिला समन्वयक वीरेंद्र सिंह ने युवाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन में जिला रोजगार अधिकारी ने आयोजन में शामिल सभी कार्मिकों और विभागों का धन्यवाद किया और भविष्य में इस प्रकार के और भी भव्य आयोजनों का आश्वासन दिया।
Next Story