राजस्थान

Baran: वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत सीएसआर कार्यशाला का आयोजन

Tara Tandi
14 Jun 2025 7:48 PM IST
Baran: वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत सीएसआर कार्यशाला का आयोजन
x
Baran बारां । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे “वन्दे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान के तहत शनिवार को जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, द्वारा जिला परिषद के मीटिंग हॉल (जन सुविधा केन्द्र) में सीएसआर कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला जल संरक्षण और जल स्वावलंबन के प्रति औद्योगिक संस्थानों, सीएसआर कंपनियों, व्यापार संघों व स्वयंसेवी संगठनों को जागरूक करने तथा सहयोग प्राप्त करने की दृष्टि से आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक दिनेश कुमार बुनकर द्वारा स्वागत उद्बोधन से हुआ। इसके पश्चात जल ग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज पूरबगोला ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की तथा सीएसआर कंपनियों को जल संरक्षण में आर्थिक सहयोग देने हेतु प्रोत्साहित किया।
भूजल विभाग के शिवकांत मीणा ने “कर्मभूमि से मातृभूमि” अभियान की जानकारी दी तथा कॉरपोरेट क्षेत्र से गैप फंडिंग में भागीदारी का आग्रह किया। इसी क्रम में जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार जैन ने जल उपयोग अंकेक्षण की प्रक्रिया और महत्व पर प्रस्तुति दी।
कार्यशाला में उपस्थित उद्यमियों व संस्थागत प्रतिनिधियों को “ग्रीन ऑफिस इनिशिएटिव”, “एनर्जी एफिशिएंसी” व “ग्रीन बजट” जैसी अवधारणाओं से भी अवगत कराया गया, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्रों में पर्यावरण हितैषी कदम उठा सकें।
महाप्रबंधक बुनकर ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के तहत जनसहभागिता और सीएसआर फंडिंग हेतु एक समर्पित पूल खाता (पंजाब नेशनल बैंक, ब्रांच नेहरू प्लेस, जयपुर - खाता संख्या - 4064002100022603, (IFC code – PUNB0406400) खोला गया है, जिसमें इच्छुक संस्थाएं व औद्योगिक घराने सहयोग राशि जमा करा सकते हैं।
कार्यशाला का समापन मनोज पूरबगोला द्वारा सभी उपस्थित प्रतिभागियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाकर किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सीएसआर प्रतिनिधि, व्यापारी संघ, औद्योगिक इकाइयां व स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Next Story