राजस्थान

Baran: मुख्यमंत्री ने किया संवाद: गरीब एवं अन्त्योदय कार्यक्रम में लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ

Tara Tandi
27 March 2025 6:40 PM IST
Baran: मुख्यमंत्री ने किया संवाद: गरीब एवं अन्त्योदय कार्यक्रम में लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ
x
Baran बारां । राजस्थान स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा गुरुवार को गरीब एवं अन्त्योदय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की दिशा-निर्देशिका का विमोचन किया तथा कई लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जिला स्तरीय कार्यक्रमों को संबोधित किया। बारां में जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला परिषद के प्रथम तल हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल, जिला परिषद सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, सामाजिक न्याय विभाग सहायक निदेशक शुभम नागर, उद्योग विभाग महाप्रबंधक रवींद्र वर्मा, डीओआईटी संयुक्त निदेशक सोनू मीणा सहित कई अधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। जिला स्तर पर स्वामित्व योजना के तहत 11 लाभार्थियों को मौके पर पट्टे वितरित कर सम्मानित किया गया। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायता उपकरणों के रूप में दो श्रवण यंत्र, दो वॉकिंग स्टिक, छह ट्राईसाइकिल, दो एमआर किट एवं चार व्हीलचेयर वितरित की गईं।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पं. दीनदयाल उपाध्याय गरीब मुक्त ग्राम योजना की दिशा-निर्देशिका का विमोचन किया और दिव्यांगजनों को पावर ड्रिवन व्हीलचेयर एवं असिस्टिव डिवाइस वितरित किए। इसके साथ ही, निर्माण श्रमिकों के खातों में 63 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए गए। दादू दयाल घुमंतू सशक्तिकरण योजना एवं मुख्यमंत्री थार सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम के दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। इसके अतिरिक्त, स्वामित्व योजना के तहत 20,000 पट्टों का वितरण, 311 लोगों को डेयरी बूथ आवंटन, अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत पट्टा वितरण एवं माटी कला बोर्ड द्वारा लाभार्थियों को विद्युत चालित चाक वितरण किया गया।
Next Story