राजस्थान

Baran: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया वर्चुअल संवाद, 10 हजार करोड़ की विकास योजना

Tara Tandi
28 March 2025 6:20 PM IST
Baran: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया वर्चुअल संवाद, 10 हजार करोड़ की विकास योजना
x
Baran बारां । राजस्थान दिवस साप्ताहिक महोत्सव के तहत राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार को विकास एवं सुशासन उत्सव का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री श्री ओटाराम देवासी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला परिषद बारां के प्रथम तल हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से संवाद किया और प्रदेश में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान राजस्थान पत्रकार स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ, ई-उपचार एप का लॉन्च, हरित अरावली विकास परियोजना, फायर एनओसी प्रक्रिया का सरलीकरण, नए जिलों में डीएमएफटी गठन, राशन दुकानों में अन्नपूर्णा भंडार योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की।
ओटाराम देवासी ने दिया सुशासन का संदेश
इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री श्री ओटाराम देवासी ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण और सुशासन के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई योजनाएं जनता को राहत देने और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक साबित होंगी। श्री देवासी ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्य करें।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सहायता राशि वितरित की गई। साथ ही, प्रभारी मंत्री ने पंच गौरव पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर विधायक राधेश्याम बैरवा, विधायक डॉ. ललित मीणा, विधायक कंवर लाल मीणा, जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
राजस्थान दिवस पर ली गई शपथ
वहीं कार्यक्रम के पूर्व, राजस्थान दिवस सप्ताह पर्यन्त उत्सव के तहत 28 मार्च को प्रातः 10 बजे सभी राजकीय कार्यालयों में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामूहिक रूप से राजस्थान को समृद्ध, स्वच्छ, स्वस्थ, हरित और आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने की शपथ दिलाई गई।
Next Story