राजस्थान

Banswara: दोस्त को मुर्गा चोरी का शक कर पीटा और कुएं में फेंका

Admindelhi1
13 March 2026 2:12 AM IST
Banswara: दोस्त को मुर्गा चोरी का शक कर पीटा और कुएं में फेंका
x
"शक में दोस्त की हत्या"

बांसवाड़ा: जिले में मुर्गे चोरी के शक में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या की साजिश एक नाबालिग ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रची। आरोपिताें ने पहले युवक को शराब पिलाई, फिर तलवार से हमला कर उसे अधमरा कर दिया और मरा समझकर कुएं में फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए दो नाबालिगों को डिटेन किया है, जबकि एक आरोपित को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार चार मार्च को शहर के एक कुएं में एक युवक का शव मिला था। पहचान के लिए पुलिस ने मृतक के कपड़े और चप्पलों की फोटो सोशल मीडिया पर जारी की थी। आठ मार्च तक कोई पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में सोशल मीडिया पर फोटो देखने के बाद मृतक के रिश्तेदारों ने उसकी पहचान की। जांच में सामने आया कि युवक 25 फरवरी से लापता था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की और उसके साथियों पर शक हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक नाबालिग ने हत्या की साजिश रची थी।

करीब दो महीने पहले उसके घर से दो मुर्गे चोरी हो गए थे और उसे शक था कि मृतक ने ही मुर्गे चुराए हैं। इसी शक के चलते उसने अपने एक अन्य नाबालिग साथी और एक युवक को साथ लेकर हत्या की योजना बना ली।

वारदात वाले दिन आरोपित युवक को मजदूरी करने के बहाने अपने साथ ले गए। दिनभर मकान निर्माण स्थल पर काम करने के बाद शाम को उन्होंने उसे जमकर शराब पिलाई। जब वह नशे में हो गया तो उससे मुर्गे चोरी के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। मुर्गे चोरी के शक में गुस्साए आरोपितों ने युवक पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में उसके दोनों हाथों पर वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

इसके बाद रात करीब 10 बजे आरोपितों ने उसे पास ही स्थित एक कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस जांच में यह भी चौंकाने वाली बात सामने आई कि आरोपितों में से एक युवक खुद पहले मुर्गे चोरी की घटना में शामिल था, लेकिन उसने यह बात छिपाकर अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और दो नाबालिगों को डिटेन कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Next Story