राजस्थान

घाटा वाला माताजी मंदिर में चोरी का प्रयास, पूरी घटना कैमरे में कैद

Saba Naaz
29 Jun 2025 6:48 PM IST
घाटा वाला माताजी मंदिर में चोरी का प्रयास, पूरी घटना कैमरे में कैद
x
Udaipur उदयपुर : उदयपुर शहर के देबारी इलाके में स्थित प्रसिद्ध घाटा वाला माताजी मंदिर में एक बार फिर चोरी की कोशिश की गई है। यह घटना 26 जून की रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है, जब एक युवक मंदिर परिसर में घुस आया और दानपेटी का ताला तोड़ने का प्रयास करने लगा।
पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी युवक के हाथ में लोहे की रॉड जैसा हथियार दिखाई दे रहा है, जिससे वह बार-बार दानपेटी का लॉक तोड़ने की कोशिश करता नजर आता है। हालांकि चोर अपनी कोशिश में सफल नहीं हो पाया और बिना कुछ चुराए मौके से फरार हो गया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी मंदिर में चोरी का प्रयास किया गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
एक ही मंदिर में लगातार हो रही चोरी की कोशिशों से स्थानीय श्रद्धालुओं और लोगों में चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। प्रतापनगर थाना पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर चोर की तलाश तेज कर दी है, और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
Next Story