श्रीगंगानगर में एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह

बीकानेर: महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 का मंगलवार को श्रीगंगानगर स्थित एस.जी.एन. खालसा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने किया। यह प्रतियोगिता 17 से 19 नवंबर तक आयोजित की जा रही है।
उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की टीम ने कुलगुरु को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद प्रतियोगिता में शामिल टीमों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। कुलगुरु प्रो. बिश्नोई ने विश्वविद्यालय का ध्वज फहराया और खेल मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुप्रिया जैन ने कुलगुरु सहित विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों, पर्यवेक्षकों, आयोजन समिति, खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन, टीम भावना और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर देती हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।





