जोधपुर में अन्नकूट महोत्सव की धूम, मंदिरों में सजी छप्पन भोग की झांकी

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में दीपावली के बाद अन्नकूट महोत्सव की धूम जारी है। शहर के विभिन्न मंदिरों में भगवान का आकर्षक श्रृंगार कर छप्पन भोग की झांकियां सजाई गईं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्री काया पलट जन सेवा समिति की ओर से आयोजित अन्नकूट महोत्सव में भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कर जनकल्याण की प्रार्थना की।
रातानाडा शिव रोड स्थित श्री सिद्ध नागेश्वर महादेव मंदिर में भगवान को 111 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। मंदिर में आकर्षक सजावट के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। महिला मंडल ने भजनों की प्रस्तुति दी। आरती के बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया।
वहीं, गुलाब नगर स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में छप्पन भोग महोत्सव आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
ईश्वर प्रेम आश्रम स्थित श्रीराम दरबार में भी भगवान का भव्य श्रृंगार कर छप्पन भोग अर्पित किया गया। साध्वी नित्यमुक्ता महाराज और पंडित महेंद्र व्यास महाराज के सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर मंगलकामनाएं कीं।





