Alwar: डांस करते-करते गर्म तेल की कढ़ाई में गिरकर युवक बुरी तरह झुलसा

भिवाड़ी: धारूहेड़ा के निकट मालपुरा में कुआं पूजन कार्यक्रम में डांस करते समय धक्का लगने से एक युवक गर्म तेल में बन रही पूरियों की कढ़ाई में गिर गया। कड़ाही में तेल बहुत गर्म था, जिससे उसकी पीठ बुरी तरह जल गई। उसे तुरंत गंभीर हालत में भिवाड़ी सीएचसी ले जाया गया, वहां से डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए युवक को अलवर रेफर कर दिया। जहां उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपको बता दें कि युवक का फिलहाल यहां इलाज चल रहा है। यह घटना रविवार देर शाम घटी। कार्यक्रम में नृत्य चल रहा था और नृत्य के दौरान धक्का-मुक्की के कारण 30 वर्षीय अमित गर्म तेल की कड़ाही में गिर गया और गंभीर रूप से झुलस गया। युवक के भाई अमर ने बताया कि उसके छोटे भाई के बच्चे के घर पर कुआं पूजन समारोह चल रहा था। यह दुर्घटना इसी कार्यक्रम के दौरान घटित हुई। युवक को एम्बुलेंस से भिवाड़ी से अलवर लाया गया। युवक का भाई व अन्य परिजन भी यहां पहुंच गए हैं, जिनकी देखरेख में इलाज चल रहा है।
यह परिवार यूपी के कासगंज का रहने वाला है और परिवार के सदस्य यहां एक कंपनी में काम करते हैं। झुलसे युवक को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। युवक की पीठ बुरी तरह जल गई है और उसका यहां इलाज चल रहा है।





